यूनिवर्सिटी के विवादित सवाल पर सियासत तेज, कांग्रेस ने बीजेपी पर साधा निशाना

भोपाल। मध्य प्रदेश के उज्जैन स्थित सम्राट विक्रमादित्य विश्वविद्यालय में पूछे गए एक विवादित प्रश्न को लेकर अब सियासत गरमा गई है और इस मुद्दे पर कांग्रेस ने भाजपा पर सीधा हमला बोला है।

कांग्रेस के राष्ट्रीय सचिव कुणाल चौधरी ने इसे बीजेपी की साजिश करार देते हुए कहा कि यह जनता का ध्यान असली मुद्दों से भटकाने और नफरत की राजनीति फैलाने की कोशिश है।

उन्होंने आरोप लगाया कि इस तरह के सवालों के जरिए लोगों को भड़काने और सांप्रदायिक माहौल बनाने की कोशिश की जा रही है, जबकि प्रदेश के प्रतिष्ठित विश्वविद्यालय में ऐसे प्रश्न उठना गंभीर मामला है।

दरअसल, विश्वविद्यालय में बीकॉम, बीबीए और बीसीए तृतीय वर्ष की परीक्षा के दौरान भाषा एवं संस्कृति खंड में एक प्रश्न पूछा गया था, जिसमें “अल्लाह के सिवा दूसरा कोई नहीं है” से जुड़ा सवाल शामिल था और इसके विकल्प भी दिए गए थे।

मामले की संवेदनशीलता को देखते हुए विश्वविद्यालय प्रशासन ने इसे गंभीरता से लेते हुए जांच के लिए परीक्षा समिति को सौंप दिया है।

अब देखना होगा कि जांच में क्या सामने आता है और यह मामला आगे किस दिशा में जाता है, क्योंकि इस मुद्दे ने शिक्षा के साथ-साथ सियासत को भी गर्मा दिया है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *