श्योपुर। मध्यप्रदेश में भ्रष्टाचार के खिलाफ कार्रवाई के दावों के बीच एक बार फिर रिश्वतखोरी का मामला सामने आया है, जहां श्योपुर जिले में प्रधानमंत्री आवास योजना के नाम पर रिश्वत लेने का वीडियो सोशल मीडिया पर तेजी से वायरल हो रहा है।
बताया जा रहा है कि हलगांवडा बुजुर्ग पंचायत के सहायक सचिव इंदर सिंह मीणा पर आरोप है कि उन्होंने योजना का लाभ दिलाने के नाम पर 10 हजार रुपए की रिश्वत ली, जिसका वीडियो सामने आया है।
वायरल वीडियो में आरोपी को पैसे लेते और उसके बाद नोट गिनते हुए साफ तौर पर देखा जा सकता है, जिससे पूरे मामले ने तूल पकड़ लिया है और सिस्टम पर सवाल खड़े हो रहे हैं।
हालांकि इस वीडियो की आधिकारिक पुष्टि अभी तक नहीं हुई है, लेकिन सोशल मीडिया पर यह तेजी से फैल रहा है और लोगों में नाराजगी देखी जा रही है।
बताया जा रहा है कि अभी तक इस मामले में किसी ने औपचारिक शिकायत दर्ज नहीं कराई है, लेकिन अब निगाहें इस बात पर टिकी हैं कि संबंधित विभाग वायरल वीडियो के आधार पर क्या कार्रवाई करता है या फिर मामला ठंडे बस्ते में चला जाएगा।

