तांत्रिक बनकर लाखों की ठगी, जबलपुर में सामने आया हैरान करने वाला मामला

जबलपुर। मध्यप्रदेश के जबलपुर में ठगी का एक अजीबोगरीब मामला सामने आया है, जहां साइबर या ओटीपी नहीं बल्कि तांत्रिक बनकर शातिर ठगों ने लाखों रुपए की ठगी को अंजाम दिया है।

जानकारी के मुताबिक सिवनी के घंसौर निवासी एक युवक को दो लोगों ने अपने झांसे में लिया और खुद को तांत्रिक बताकर उसकी पारिवारिक समस्याओं का समाधान करने का दावा किया।

इन ठगों ने इलाज और पूजा-पाठ के नाम पर अलग-अलग जगहों से महंगी दवाइयां खरीदवाई, जिसमें दमोह नाका स्थित एक आयुर्वेदिक दुकान से करीब 5 लाख 25 हजार रुपए की दवा दिलवाई गई, वहीं नागपुर से भी करीब साढ़े 12 लाख रुपए की दवाइयां खरीदी गईं।

इसके बाद जब प्रयागराज से फिर दवा मंगाने की बात कही गई, तब पीड़ित को शक हुआ और पूरे मामले का खुलासा हुआ।

बताया जा रहा है कि ठगों ने पारिवारिक समस्याओं को दूर करने का झांसा देकर कुल करीब साढ़े 17 लाख रुपए की ठगी की है।

फिलहाल पुलिस ने मामला दर्ज कर लिया है और आरोपियों की तलाश शुरू कर दी गई है, वहीं इस घटना ने एक बार फिर अंधविश्वास के नाम पर हो रही ठगी को उजागर कर दिया है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *