शिवपुरी। मध्यप्रदेश के शिवपुरी में एक दिल दहला देने वाला सड़क हादसा सामने आया है, जहां एक ट्रक के ऑटो पर पलट जाने से दूल्हा-दुल्हन समेत चार लोगों की मौके पर ही मौत हो गई, हादसे के बाद इलाके में मातम पसरा हुआ है।
बताया जा रहा है कि यह हादसा सिरसौद थाना क्षेत्र के टोंगरा रोड पर हुआ, जहां एक ऑटो में सवार होकर दूल्हा-दुल्हन अपने परिवार के साथ कहीं जा रहे थे, तभी अचानक एक तेज रफ्तार ट्रक अनियंत्रित होकर ऑटो के ऊपर पलट गया।
हादसा इतना भयावह था कि ऑटो पूरी तरह चकनाचूर हो गया और उसमें सवार चार लोगों ने मौके पर ही दम तोड़ दिया, इस खौफनाक मंजर को देखकर मौके पर मौजूद लोग भी सहम गए।
जानकारी के मुताबिक मृतकों में अजेश शाक्य, राजेश्वर शाक्य, राजो शाक्य और वीरेंद्र शाक्य शामिल हैं, सभी ग्राम राजगढ़ तेंदुआ के निवासी बताए जा रहे हैं, वहीं दूल्हा-दुल्हन की शादी महज दो दिन पहले ही हुई थी।
घटना की सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची और शवों को कब्जे में लेकर आगे की कार्रवाई शुरू कर दी है, इस हादसे ने पूरे इलाके को झकझोर कर रख दिया है।

