नीमच। मध्यप्रदेश के नीमच जिले के बघाना थाना क्षेत्र से एक चौंकाने वाला मामला सामने आया है, जहां निकाह से महज पांच दिन पहले दुल्हन समेत पूरे परिवार के खिलाफ केस दर्ज हो गया है, जिससे शादी पर संकट के बादल मंडरा रहे हैं।
बताया जा रहा है कि विवाद की शुरुआत इमली के पेड़ पर पत्थर फेंकने जैसी मामूली बात से हुई, जो धीरे-धीरे बढ़कर मारपीट और जान से मारने की धमकी तक पहुंच गई।
पीड़ित परिवार का आरोप है कि उन्होंने कुछ समय पहले 20 हजार रुपये उधार लिए थे और अब तक 60 हजार रुपये चुका भी दिए, इसके बावजूद सूदखोर लगातार और पैसे मांग रहे हैं और शादी रुकवाने की धमकियां दे रहे हैं।
परिवार का कहना है कि शिकायत के बावजूद समय पर कार्रवाई नहीं हुई, बल्कि उल्टा दुल्हन सहित घर के कई सदस्यों पर ही मामला दर्ज कर दिया गया, जिससे घर में खुशी की जगह डर का माहौल बन गया है।
आगामी 12 अप्रैल को होने वाले निकाह को लेकर परिवार काफी चिंतित है, ऐसे में उन्होंने एसपी कार्यालय पहुंचकर सुरक्षा की गुहार लगाई है और शादी तक सुरक्षा मुहैया कराने की मांग की है।
वहीं पुलिस का कहना है कि यह आपसी विवाद है और दोनों पक्षों की शिकायतों के आधार पर मामला दर्ज कर जांच की जा रही है, लेकिन इस पूरे घटनाक्रम ने इलाके में हलचल जरूर बढ़ा दी है।

