उत्तर प्रदेश के कन्नौज में हुए दर्दनाक सड़क हादसे को लेकर समाजवादी पार्टी प्रमुख Akhilesh Yadav ने गहरा दुख जताया है और मृतकों के परिजनों को आर्थिक सहायता देने का ऐलान किया है।
छिबरामऊ कोतवाली क्षेत्र के भाऊलपुर में हुए इस हादसे में कोयले से भरा एक अनियंत्रित ट्रक पलट गया, जिसकी चपेट में आने से दो लोगों की मौके पर ही मौत हो गई, जबकि चार लोग घायल हो गए।
अखिलेश यादव ने सोशल मीडिया पर पोस्ट कर मृतकों को श्रद्धांजलि दी और परिजनों के प्रति संवेदना व्यक्त करते हुए अपनी पार्टी की ओर से प्रत्येक मृतक के परिवार को 1-1 लाख रुपये देने की घोषणा की।
इसके साथ ही उन्होंने सरकार से मांग की है कि मृतकों के परिजनों को 10-10 लाख रुपये का मुआवजा दिया जाए ताकि पीड़ित परिवारों को राहत मिल सके।
बताया जा रहा है कि यह हादसा उस समय हुआ जब एक बाइक सवार गलत दिशा से आ रहा था और उसे बचाने के प्रयास में कोयले से लदा ट्रक अनियंत्रित होकर पलट गया।
इस हादसे में 60 वर्षीय कन्हैया और 14 वर्षीय अंशिका की जान चली गई, वहीं कुल 6 लोग इसकी चपेट में आए हैं, जिनके लिए मुख्यमंत्री विवेकाधीन कोष से 5-5 लाख रुपये की सहायता भी दिए जाने की बात कही जा रही है।

