उज्जैन। बॉलीवुड अभिनेत्री सोनल चौहान आज महाकालेश्वर मंदिर पहुंचीं, जहां उन्होंने भगवान महाकाल के दरबार में माथा टेककर आशीर्वाद लिया और तड़के होने वाली भस्म आरती में शामिल होकर आध्यात्मिक अनुभूति का अनुभव किया। नंदी हॉल में बैठकर उन्होंने ध्यान लगाया और बाबा के दर्शन किए।
दर्शन के बाद मीडिया से बातचीत में सोनल चौहान ने कहा कि महाकाल के दरबार में हर बार एक अलग ही दिव्यता और शांति का अनुभव होता है और यह अनुभव शब्दों में बयान करना मुश्किल है। उन्होंने कहा कि यहां आकर मन को एक अलग सुकून मिलता है और हर बार पहले से ज्यादा ऊर्जा का अहसास होता है।
अपनी आगामी परियोजनाओं को लेकर उन्होंने बताया कि जल्द ही वे ‘मिर्जापुर’ और भोपाल में एक नई सीरीज की शूटिंग शुरू करने जा रही हैं।
सोनल चौहान ‘जन्नत’, ‘पलटन’, ‘बुड्ढा होगा तेरा बाप’ और प्रभास के साथ ‘आदिपुरुष’ जैसी फिल्मों में अपनी अदाकारी का जलवा दिखा चुकी हैं और उन्होंने विश्वास जताया कि बाबा महाकाल के आशीर्वाद से आने वाला समय उनके करियर के लिए और भी सफल साबित होगा।

