ग्वालियर। मध्यप्रदेश के Gwalior में एक अजीबोगरीब घटना सामने आई है, जहां चोरी की नीयत से घर में घुसा एक शातिर चोर खुद ही जाल में फंस गया और पूरी रात खिड़की की जाली में हाथ फंसाकर खड़ा रहने को मजबूर हो गया।
महाराजपुरा थाना क्षेत्र के दीनदयाल नगर में यह घटना उस वक्त हुई जब मनोज कुशवाहा नाम का आरोपी एक निर्माणाधीन मकान में सरिया चोरी करने के इरादे से घुसा और खिड़की की जाली से हाथ डालकर दरवाजा खोलने की कोशिश करने लगा, लेकिन उसका हाथ जाली में ऐसा फंसा कि लाख कोशिशों के बावजूद बाहर नहीं निकल सका।
रातभर वह वहीं फंसा रहा और सुबह जब मकान मालिक मौके पर पहुंचा तो यह नजारा देखकर हैरान रह गया, जिसके बाद तुरंत पुलिस को सूचना दी गई।
मौके पर पहुंची पुलिस टीम ने काफी मशक्कत के बाद चोर का हाथ जाली से बाहर निकाला और उसे हिरासत में ले लिया।
पुलिस के मुताबिक आरोपी पहले भी इलाके में कई निर्माणाधीन मकानों को निशाना बना चुका है और पूछताछ में उसने कई चोरी की वारदात कबूल भी की हैं, फिलहाल उससे चोरी का सामान बरामद करने की कोशिश की जा रही है।
इस घटना के बाद इलाके में चर्चा का माहौल है, जहां लोग यही कह रहे हैं कि चोरी करने आया था, लेकिन खुद ही अपने जाल में फंस गया।

