ग्वालियर। शिवपुरी जिले की पिछोर विधानसभा से भाजपा विधायक प्रीतम लोधी ने पश्चिम बंगाल की जीत को प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के नेतृत्व का परिणाम बताते हुए इसे ‘मोदी मैजिक’ करार दिया और विपक्ष पर तीखा हमला बोला।
प्रीतम लोधी ने कहा कि नामुमकिन को मुमकिन बनाना मोदी जी की पहचान है, अभी बंगाल और असम में जीत मिली है और आने वाले समय में पूरे देश में भाजपा का परचम लहराएगा, वहीं उन्होंने कांग्रेस पर निशाना साधते हुए कहा कि अब उनके पास सिर्फ बयानबाजी करने का काम रह गया है।
अपने बयान में प्रीतम लोधी ने नशा मुक्ति को लेकर भी बड़ा दावा किया और कहा कि उन्होंने नशे को करीब से समझने के लिए खुद उस दुनिया को देखा है, अब वे इसके खिलाफ अभियान चलाएंगे और लोगों को इससे दूर रहने के लिए जागरूक करेंगे।
उन्होंने आगे बताया कि आने वाले समय में वे दो बड़े अभियान शुरू करेंगे, जिसमें ‘लोधी-मोदी जोड़ो यात्रा’ और नशा मुक्ति अभियान शामिल हैं, इसके तहत वे अनुमति मिलने के बाद दिल्ली तक पदयात्रा करेंगे और लोगों को जोड़ने का प्रयास करेंगे।
प्रीतम लोधी ने लोधी समाज को लेकर भी अपनी बात रखी और कहा कि देश के इतिहास में इस समाज का योगदान रहा है, ऐसे में उनकी मांग है कि देश में एक लोधी समाज का मुख्यमंत्री बनाया जाए, साथ ही उन्होंने कल्याण सिंह को भारत रत्न देने की मांग भी दोहराई।
उन्होंने कहा कि कल्याण सिंह ने राम मंदिर आंदोलन में महत्वपूर्ण भूमिका निभाई थी, इसलिए उन्हें देश के सर्वोच्च सम्मान से सम्मानित किया जाना चाहिए और वे अपनी यात्रा के दौरान इस मांग को प्रमुखता से उठाएंगे।

