लखनऊ। उत्तर प्रदेश की राजनीति में बयानबाजी तेज हो गई है। मंत्री ओपी राजभर ने समाजवादी पार्टी प्रमुख अखिलेश यादव पर गंभीर आरोप लगाते हुए बड़ा हमला बोला है।
ओपी राजभर ने दावा किया कि अखिलेश यादव की छवि सुधारने के लिए एक पीआर कंपनी को हायर किया गया था और उसे कथित घोटाले की रकम से भुगतान किया जा रहा था।
उन्होंने सोशल मीडिया पोस्ट में कहा कि पश्चिम बंगाल में ममता बनर्जी की ओर से I-PAC नाम की पॉलिटिकल स्ट्रैटजी कंपनी को काम दिया गया था। साथ ही आरोप लगाया कि उसी कंपनी को यूपी में समाजवादी पार्टी के लिए भी काम करने का निर्देश दिया गया।
राजभर ने दावा किया कि मीडिया रिपोर्टों और जांचों में पश्चिम बंगाल के कथित कोयला घोटाले का जिक्र सामने आया था और हवाला के जरिए I-PAC को फंडिंग किए जाने के आरोप लगे थे। उन्होंने कहा कि ब्लैक मनी को व्हाइट करने का खेल चल रहा था।
ओपी राजभर ने यह भी कहा कि पश्चिम बंगाल चुनाव में सत्ता बदलने के बाद कथित फंडिंग रुक गई, जिसके चलते समाजवादी पार्टी ने कुछ ही महीनों में I-PAC से दूरी बना ली।
उन्होंने सवाल उठाते हुए कहा कि आखिर ऐसा क्या हुआ कि ढाई महीने काम कराने के बाद I-PAC को अचानक ‘नमस्ते’ कर दिया गया।
हालांकि इन आरोपों पर समाजवादी पार्टी की ओर से अभी तक कोई आधिकारिक प्रतिक्रिया सामने नहीं आई है।

