हमीरपुर नाव हादसे पर CM योगी सख्त, बोले- लापरवाही किसी भी हाल में बर्दाश्त नहीं, लापता लोगों को जल्द ढूंढें

लखनऊ। उत्तर प्रदेश के हमीरपुर जिले में हुए दर्दनाक नाव हादसे पर मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने संज्ञान लिया है। सीएम योगी ने हादसे पर दुख जताते हुए मृतकों के परिजनों के प्रति संवेदना व्यक्त की और अधिकारियों को राहत एवं बचाव कार्य तेज करने के निर्देश दिए हैं।

मुख्यमंत्री ने साफ कहा कि लापरवाही किसी भी हाल में बर्दाश्त नहीं की जाएगी और लापता लोगों को जल्द से जल्द तलाशने के लिए हर संभव प्रयास किए जाएं।

यह हादसा हमीरपुर के कुरारा थाना क्षेत्र के मजरा कुतुबपुर पटिया गांव के पास यमुना नदी में हुआ, जहां संतुलन बिगड़ने से नाव पलट गई। बताया जा रहा है कि नाव में सवार नौ लोग नदी में डूब गए थे।

हादसे के बाद मौके पर अफरा-तफरी मच गई। नाविक ने किसी तरह तीन लोगों को सुरक्षित बाहर निकाल लिया, लेकिन बाकी लोग लापता हो गए।

घटना की जानकारी मिलते ही National Disaster Response Force और State Disaster Response Force की टीमों के साथ स्थानीय गोताखोर मौके पर पहुंचे और सर्च ऑपरेशन शुरू किया गया। घंटों की मशक्कत के बाद एक महिला और एक किशोरी का शव बरामद किया गया, जबकि अन्य लोगों की तलाश लगातार जारी है।

पुलिस के मुताबिक शुरुआती जांच में अंधेरा और नाव का संतुलन बिगड़ना हादसे की वजह माना जा रहा है। बताया जा रहा है कि सभी लोग एक शादी समारोह में शामिल होने आए थे और यमुना नदी के टापू पर खरबूजा, ककड़ी और तरबूज खाने गए थे। वापस लौटते समय बीच नदी में यह दर्दनाक हादसा हो गया।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *