भोपाल। मध्यप्रदेश की राजनीति में उस वक्त हलचल मच गई जब महिला कांग्रेस की प्रदेश अध्यक्ष रीना बोरासी को भाजपा विधायक डॉ. चिंतामणि मालवीय की ओर से 10 करोड़ रुपये का मानहानि नोटिस भेजा गया। यह नोटिस विधायक के वकील के माध्यम से जारी किया गया है, जिसमें रीना बोरासी द्वारा लगाए गए आरोपों को पूरी तरह निराधार और उनकी छवि को नुकसान पहुंचाने वाला बताया गया है।
दरअसल, महिला कांग्रेस अध्यक्ष रीना बोरासी ने आलोट विधायक डॉ. चिंतामणि मालवीय पर यौन शोषण और अवैध कब्जे जैसे गंभीर आरोप लगाए थे। इन आरोपों के सामने आने के बाद राजनीतिक गलियारों में चर्चाएं तेज हो गई थीं। अब विधायक ने इन आरोपों पर कड़ा रुख अपनाते हुए कानूनी कार्रवाई शुरू कर दी है।
डॉ. चिंतामणि मालवीय ने अपने सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म फेसबुक पर भी इस मानहानि नोटिस की जानकारी साझा की है। विधायक का कहना है कि उनकी छवि खराब करने और राजनीतिक नुकसान पहुंचाने की नीयत से झूठे आरोप लगाए गए हैं, जिसे किसी भी हाल में बर्दाश्त नहीं किया जाएगा।
इस पूरे मामले ने प्रदेश की राजनीति में नया विवाद खड़ा कर दिया है। अब सभी की नजर इस बात पर टिकी है कि महिला कांग्रेस अध्यक्ष रीना बोरासी इस नोटिस का क्या जवाब देती हैं और मामला आगे किस दिशा में बढ़ता है।

