CM योगी का मेगा दौरा: लखनऊ में शुरू करेंगे स्वगणना अभियान, युवाओं को बांटेंगे नियुक्ति पत्र, सहारनपुर को देंगे 2131 करोड़ की 325 विकास परियोजनाओं की सौगात

लखनऊ। उत्तर प्रदेश के मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ आज बेहद व्यस्त दौरे पर रहेंगे। राजधानी लखनऊ में मुख्यमंत्री सबसे पहले स्वगणना कार्यक्रम की शुरुआत करेंगे और खुद पोर्टल पर अपनी जानकारी दर्ज कर अभियान का शुभारंभ करेंगे। इसके बाद मुख्यमंत्री उत्तर प्रदेश लोक सेवा आयोग और उत्तर प्रदेश अधीनस्थ सेवा चयन आयोग के माध्यम से चयनित अभ्यर्थियों को नियुक्ति पत्र वितरित करेंगे। मुख्यमंत्री ने चयनित युवाओं को शुभकामनाएं देते हुए कहा कि नया उत्तर प्रदेश युवाओं के सपनों को नई उड़ान देने का काम कर रहा है।

इस दौरान आयुष विभाग में चयनित प्रोफेसर, रीडर, चिकित्सा अधिकारी और स्टाफ नर्स, व्यावसायिक शिक्षा विभाग के अनुदेशक तथा दिव्यांगजन सशक्तीकरण विभाग के नर्स, हॉस्टल वार्डन और कंपाउंडर अपनी नई सेवा यात्रा की शुरुआत करेंगे। मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने कहा कि प्रदेश में पारदर्शी चयन प्रक्रिया के जरिए युवाओं को रोजगार देकर सरकार लगातार नए अवसर उपलब्ध करा रही है।

लखनऊ के कार्यक्रम के बाद मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ सहारनपुर पहुंचेंगे जहां वे जिले को बड़ी विकास सौगात देंगे। बताया जा रहा है कि मुख्यमंत्री करीब 2 हजार 131 करोड़ रुपये की लागत वाली 325 विकास परियोजनाओं का लोकार्पण और शिलान्यास करेंगे। इसके साथ ही विभिन्न जनकल्याणकारी योजनाओं के लाभार्थियों को प्रमाण पत्र भी वितरित किए जाएंगे।

मुख्यमंत्री के दौरे को लेकर प्रशासन पूरी तरह अलर्ट मोड पर है। सुरक्षा व्यवस्था के कड़े इंतजाम किए गए हैं। सहारनपुर और आसपास के इलाकों में ट्रैफिक डायवर्जन लागू किया गया है। भारी वाहनों की आवाजाही पर कई घंटों तक रोक रहेगी जबकि हल्के वाहनों के रूट भी बदले गए हैं। पुलिस प्रशासन ने लोगों से अपील की है कि यात्रा पर निकलने से पहले ट्रैफिक रूट की जानकारी जरूर ले लें ताकि किसी परेशानी का सामना न करना पड़े।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *