‘बीजेपी में किसी की अनदेखी नहीं…’ निगम-मंडल नियुक्तियों पर इमरती देवी का बड़ा बयान, सिंधिया समर्थकों को लेकर भी कही बड़ी बात

भोपाल। मध्यप्रदेश में निगम-मंडलों की नियुक्तियों को लेकर सियासी हलचल तेज है। इसी बीच पूर्व मंत्री इमरती देवी बीजेपी प्रदेश कार्यालय पहुंचीं, जहां उन्होंने मीडिया से बातचीत में कई अहम बयान दिए। इमरती देवी ने साफ शब्दों में कहा कि वे किसी पद या नियुक्ति के लिए राजनीति नहीं करतीं, बल्कि पार्टी और संगठन के लिए काम करती हैं।

उन्होंने कहा कि बीजेपी में हर कार्यकर्ता का सम्मान होता है और यहां किसी की अनदेखी नहीं की जाती। निगम-मंडलों में जिम्मेदारी मिलने के सवाल पर इमरती देवी ने कहा कि पार्टी नेतृत्व जो भी फैसला करेगा, वह उन्हें पूरी तरह स्वीकार होगा। उन्होंने भरोसा जताया कि बीजेपी अपने सभी कार्यकर्ताओं और नेताओं का ध्यान रखती है।

इमरती देवी ने ज्योतिरादित्य सिंधिया समर्थकों को लेकर भी बड़ा बयान दिया। उन्होंने कहा कि “महाराज के सभी लोग पार्टी के ही लोग हैं और सभी को अच्छी जिम्मेदारियां मिल रही हैं।” साथ ही उन्होंने विपक्ष के उन आरोपों पर भी जवाब दिया, जिनमें सिंधिया समर्थकों की अनदेखी की बात कही जा रही थी।

उन्होंने कहा कि अगर बीजेपी में अनदेखी होती, तो ज्योतिरादित्य सिंधिया आज केंद्र सरकार में मंत्री नहीं होते। इमरती देवी के इस बयान के बाद प्रदेश की सियासत में एक बार फिर निगम-मंडल नियुक्तियों और संगठन में संतुलन को लेकर चर्चाएं तेज हो गई हैं।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *