भोपाल। मध्यप्रदेश के देवास जिले में सीएम हेल्पलाइन शिकायतों को लेकर प्रशासन का सख्त रवैया देखने को मिला है। कलेक्टर ऋतुराज सिंह ने समीक्षा बैठक के दौरान लापरवाही बरतने वाले अधिकारियों और कर्मचारियों पर बड़ी कार्रवाई करते हुए साफ संदेश दिया कि जनता की शिकायतों में ढिलाई अब बिल्कुल बर्दाश्त नहीं की जाएगी।
दरअसल, कन्नौद विकासखंड की ग्राम पंचायत खरिया में एक ऐसा मामला सामने आया, जिसने प्रशासन को भी हैरान कर दिया। यहां एक साल से ज्यादा समय तक आधार कार्ड अपडेट नहीं किया गया और शिकायत लगातार लंबित रही। मामले को गंभीर मानते हुए कलेक्टर ने पंचायत सचिव छोटेलाल चौहान को तत्काल प्रभाव से निलंबित करने के निर्देश दे दिए।
इतना ही नहीं, जनपद पंचायत स्तर पर समय पर कार्रवाई नहीं करने पर प्रभारी जनपद सीईओ दीपक मुजाल्दे पर भी गाज गिरी। कलेक्टर ने उनकी एक वेतन वृद्धि रोकने के निर्देश दिए।
वहीं बागली के उदयनगर क्षेत्र में सीमांकन से जुड़ी शिकायत का लंबे समय तक समाधान नहीं होने और लापरवाही बरतने के मामले में पटवारी पूनमचंद देवड़ा को भी निलंबित करने के निर्देश जारी किए गए हैं।
समीक्षा बैठक के दौरान कलेक्टर ऋतुराज सिंह ने अधिकारियों को जमकर फटकार लगाई और कहा कि सीएम हेल्पलाइन में आने वाली शिकायतें सरकार की प्राथमिकता हैं। आम जनता की समस्याओं का समय पर समाधान करना अधिकारियों की जिम्मेदारी है और इसमें किसी भी तरह की लापरवाही बर्दाश्त नहीं की जाएगी।
कलेक्टर की इस सख्त कार्रवाई के बाद प्रशासनिक अमले में हड़कंप मचा हुआ है और अधिकारियों-कर्मचारियों को समय पर शिकायतों का निराकरण करने के निर्देश दिए गए हैं।

