ग्वालियर। लॉ छात्रा के चर्चित अपहरण मामले में पुलिस को बड़ी सफलता हाथ लगी है। पुलिस ने अपहृत छात्रा को सकुशल बरामद करते हुए मुख्य आरोपी जीतू तोमर को गिरफ्तार कर लिया है। आरोपी के पास से एक अवैध पिस्टल भी बरामद हुई है। इस पूरे ऑपरेशन के लिए पुलिस की 12 सदस्यीय विशेष टीम लगातार कई राज्यों में सक्रिय रही और 500 से ज्यादा CCTV कैमरों की फुटेज खंगालने के बाद आरोपी तक पहुंच सकी।
दरअसल, महात्मा गांधी लॉ कॉलेज की सेकंड ईयर की छात्रा के दिनदहाड़े कथित अपहरण से इलाके में सनसनी फैल गई थी। छात्रा के साथ मौजूद एक जूनियर छात्रा ने पुलिस को बताया था कि कार सवार बदमाश उसे धक्का देकर छात्रा को जबरन अपने साथ ले गए। घटना के बाद छात्रा की मां ने जीतू तोमर पर अपहरण का आरोप लगाया था।
बताया जा रहा है कि कुछ समय पहले ही छात्रा ने जीतू तोमर के खिलाफ छेड़छाड़ और पॉक्सो एक्ट के तहत मामला दर्ज कराया था, जिसके चलते आरोपी जेल में था। वारदात से महज तीन दिन पहले ही वह जमानत पर बाहर आया था।
मामले की गंभीरता को देखते हुए पुलिस ने कई राज्यों में टीमें भेजीं। एसएसपी धर्मवीर सिंह यादव के मुताबिक, टेक्निकल इनपुट से पता चला कि अपहरण में इस्तेमाल की गई बिना नंबर की गाड़ी उरई में देखी गई है। इसके बाद पुलिस ने उरई, कानपुर, झांसी, जालौन, बरेली और लखनऊ तक सर्च ऑपरेशन चलाया।
जांच में सामने आया कि आरोपी और छात्रा लखनऊ से बस के जरिए इंदौर की ओर जा रहे थे। पुलिस टीम पहले से अलर्ट थी और कानपुर-उरई के बीच बस की चेकिंग के दौरान आरोपी जीतू तोमर और छात्रा को सकुशल बरामद कर लिया गया।
पुलिस के अनुसार आरोपी की तलाशी में एक अवैध पिस्टल भी मिली है, जिसकी जांच की जा रही है। वहीं छात्रा के बयान दर्ज होने के बाद ही पूरे मामले की असली तस्वीर साफ हो सकेगी। पुलिस छात्रा के बयान कोर्ट में भी दर्ज कराएगी।
इस मामले में वायरल हुए वीडियो की भी जांच की जा रही है, जिसमें आरोपी यह दावा करता नजर आया था कि छात्रा अपनी मर्जी से उसके साथ गई है और उसने कोई अपहरण नहीं किया। पुलिस अब यह पता लगाने में जुटी है कि वीडियो किन परिस्थितियों में बनाया गया और उसकी सच्चाई क्या है।
एसएसपी ने बताया कि इस मामले में आरोपी का एक और साथी भी गिरफ्तार कर लिया गया है और घटना में इस्तेमाल गाड़ी भी बरामद कर ली गई है। फिलहाल पुलिस छात्रा के बयान और तकनीकी जांच के आधार पर आगे की कार्रवाई कर रही है।

