लखनऊ। उत्तर प्रदेश की राजनीति में एक बार फिर बयानबाजी तेज हो गई है। योगी सरकार में मंत्री ओमप्रकाश राजभर ने समाजवादी पार्टी प्रमुख अखिलेश यादव और पश्चिम बंगाल की मुख्यमंत्री ममता बनर्जी पर जमकर निशाना साधा है।
राजभर ने कहा कि चुनाव में हार के बाद ममता बनर्जी बौखला गईं और उन्होंने संविधान के खिलाफ फैसले लिए। उन्होंने कहा कि राज्यपाल के पास विधानसभा भंग करने का अधिकार है और उन्होंने संवैधानिक प्रक्रिया के तहत ही निर्णय लिया।
अखिलेश यादव और ममता बनर्जी की मुलाकात पर तंज कसते हुए राजभर ने कहा कि “वे वहां ढांढस बंधाने गए थे कि आप तो सिर्फ एक बार हारी हैं, हम दो बार हार चुके हैं।”
उन्होंने आगे कहा कि अखिलेश जहां भी जाते हैं, वहां विपक्ष की हार हो जाती है। राजभर ने कहा कि “बिहार गए तो तेजस्वी हार गए, दिल्ली गए तो केजरीवाल हार गए, मध्य प्रदेश गए तो कांग्रेस हार गई और महाराष्ट्र में भी विपक्ष हार गया। जहां जाते हैं, वहां भाजपा की सरकार बन जाती है।”
ओपी राजभर ने अखिलेश यादव की कार्यशैली पर भी हमला बोला। उन्होंने कहा कि “ये 12 बजे उठते हैं, एसी से बाहर नहीं निकलते। इनके पास अब सिर्फ दो काम रह गए हैं—एक ट्वीट करना और दूसरा देर से उठना।”
वहीं दूसरी ओर, ममता बनर्जी से मुलाकात के बाद अखिलेश यादव ने भाजपा पर तीखा हमला बोला। उन्होंने कहा कि भाजपा ने बंगाल में लोकतंत्र को कमजोर किया है और ममता बनर्जी महिलाओं की आवाज का प्रतिनिधित्व करती हैं, इसलिए भाजपा उन्हें निशाना बनाती है।
अखिलेश ने भाजपा को महिला विरोधी बताते हुए कहा कि भाजपा की सोच सामंती है और वह महिलाओं को आगे बढ़ते नहीं देख सकती। उन्होंने दावा किया कि भाजपा में महिलाओं का सम्मान नहीं है और विपक्ष को दबाने की कोशिश की जा रही है।

