NCRB रिपोर्ट में यूपी का बड़ा दावा! महिला सुरक्षा मामलों में सबसे बेहतर प्रदर्शन, योगी सरकार की ‘जीरो टॉलरेंस’ नीति का दिखा असर

लखनऊ। उत्तर प्रदेश सरकार ने NCRB 2024 रिपोर्ट के आधार पर कानून व्यवस्था और महिला सुरक्षा को लेकर बड़ा दावा किया है। रिपोर्ट के मुताबिक महिलाओं से जुड़े मामलों में न्याय दिलाने के मामले में यूपी ने 76.6 प्रतिशत कन्विक्शन रेट हासिल किया है, जिसे देश में सबसे बेहतर प्रदर्शन बताया जा रहा है।

रिपोर्ट के अनुसार हत्या जैसे गंभीर अपराधों में भी उत्तर प्रदेश की स्थिति कई बड़े राज्यों से बेहतर बताई गई है। हत्या के मामलों में यूपी देशभर में 29वें स्थान पर है, जबकि हत्या के प्रयास के मामलों में 26वें स्थान पर बताया गया है।

अपहरण, डकैती और फिरौती जैसे मामलों में उत्तर प्रदेश 36वें स्थान पर है, जिसे सरकार कानून व्यवस्था के लिहाज से बड़ी उपलब्धि मान रही है। वहीं लूट के मामलों में यूपी 28वें स्थान पर और पॉक्सो एक्ट के तहत दर्ज मामलों में 23वें स्थान पर रहा है।

सरकार का कहना है कि मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ की “जीरो टॉलरेंस” नीति का असर अब साफ दिखाई दे रहा है। अपराधियों के खिलाफ सख्त कार्रवाई और त्वरित न्याय की वजह से महिलाओं में सुरक्षा की भावना मजबूत हुई है।

रिपोर्ट में पश्चिम बंगाल की स्थिति सबसे खराब बताई गई है। वहीं महाराष्ट्र का कन्विक्शन रेट 8.7 प्रतिशत, कर्नाटक का 4.8 प्रतिशत, तेलंगाना का 14.8 प्रतिशत, केरल का 17 प्रतिशत, पंजाब का 19 प्रतिशत और तमिलनाडु का 23.4 प्रतिशत दर्ज किया गया है।

NCRB के आंकड़ों के मुताबिक महिला अपराध से जुड़े कुल 3 लाख 52 हजार 664 मामले कोर्ट में दर्ज हैं, जिनमें से 27 हजार 639 मामलों की सुनवाई पूरी हुई और 21 हजार 169 मामलों में सजा सुनाई गई।

योगी सरकार का कहना है कि राज्य में महिला सुरक्षा सर्वोच्च प्राथमिकता है और आने वाले समय में भी अपराधियों के खिलाफ सख्त कार्रवाई लगातार जारी रहेगी।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *