मंडला। मध्यप्रदेश के मंडला जिले के नैनपुर ब्लॉक से एक हैरान कर देने वाला मामला सामने आया है। यहाँ एक शराब दुकान पर स्कूली छात्राओं के शराब खरीदने का वीडियो सोशल मीडिया पर तेजी से वायरल हो गया। वीडियो सामने आते ही पूरे इलाके में सनसनी फैल गई और प्रशासन हरकत में आ गया।
कलेक्टर के निर्देश पर एसडीएम आशुतोष ठाकुर तुरंत मौके पर पहुंचे और दुकान का निरीक्षण किया। जांच के दौरान CCTV फुटेज में साफ दिखाई दिया कि छात्राओं को शराब बेची जा रही थी।
एसडीएम ने बताया कि प्रारंभिक जांच में नाबालिग छात्राओं को शराब बेचने की पुष्टि हो चुकी है। उन्होंने सख्त शब्दों में कहा कि नाबालिगों को नशीले पदार्थ बेचना लाइसेंस की शर्तों का गंभीर उल्लंघन है और इस मामले में संबंधित दुकान पर सख्त कार्रवाई की जाएगी।
इधर आबकारी विभाग की टीम भी मौके पर पहुंची। जिला आबकारी अधिकारी रामजी पांडे ने बताया कि एक विशेष जांच टीम नैनपुर भेजी गई है जो सभी CCTV फुटेज की बारीकी से जांच करेगी। जांच रिपोर्ट आने के बाद नियमों के तहत कार्रवाई की जाएगी।
वहीं इस घटना को लेकर कांग्रेस के जिला अध्यक्ष ने प्रशासन पर निशाना साधा और कहा कि यह प्रशासन की लापरवाही का नतीजा है कि आज स्कूली छात्राएं तक शराब खरीदने तक पहुंच गईं।
यह मामला न सिर्फ प्रशासन के लिए चेतावनी है, बल्कि समाज के लिए भी एक बड़ा सवाल — क्या अब हमारी अगली पीढ़ी इतनी आसानी से नशे की गिरफ्त में आ जाएगी?

