भोपाल। मध्य प्रदेश के धार जिले में किसान आंदोलन और नेशनल हाईवे जाम के बाद सियासत तेज हो गई है। पुलिस प्रशासन ने नेता प्रतिपक्ष उमंग सिं्घार समेत कई कांग्रेस विधायकों और सैकड़ों कार्यकर्ताओं के खिलाफ FIR दर्ज की है। अब इस कार्रवाई को लेकर प्रदेश की राजनीति गरमा गई है।
मामले पर प्रतिक्रिया देते हुए नेता प्रतिपक्ष उमंग सिं्घार ने भाजपा सरकार पर तीखा हमला बोला है। उन्होंने सोशल मीडिया पोस्ट में लिखा कि “मुबारक हो मेरे प्रदेश के किसानों… भाजपा सरकार आपसे डर गई है।” उन्होंने कहा कि खलघाट सहित पूरे प्रदेश में किसानों के हक की आवाज उठाई गई, लेकिन सरकार ने समाधान निकालने के बजाय FIR दर्ज करने का रास्ता चुना।
उमंग सिं्घार ने सवाल उठाते हुए कहा कि क्या किसानों के लिए MSP मांगना अपराध है? क्या फसल बीमा, खाद-बीज और बिजली की समस्या उठाना गुनाह है? उन्होंने कहा कि कांग्रेस किसानों की लड़ाई सड़क से लेकर सदन तक लड़ती रहेगी।
नेता प्रतिपक्ष ने मोहन सरकार को चुनौती देते हुए कहा कि “कांग्रेस किसानों के लिए लाठी भी खाएगी और अगर जेल जाना पड़ा तो उमंग सिं्घार 100 बार जेल जाने के लिए तैयार है।” उन्होंने आरोप लगाया कि सरकार की FIR में डर साफ दिखाई दे रहा है, लेकिन किसानों की आवाज दबाई नहीं जा सकती।
उमंग सिं्घार ने यह भी कहा कि अन्नदाता की लड़ाई अब और मजबूती के साथ लड़ी जाएगी और कांग्रेस किसानों के मुद्दों पर पीछे हटने वाली नहीं है।

