धार। मध्यप्रदेश के धार जिले में किसान आंदोलन और चक्काजाम के बाद सियासत गरमा गई है। धामनोद टोल टैक्स के पास आगरा-मुंबई नेशनल हाईवे पर प्रदर्शन करने वाले कांग्रेस नेताओं और कार्यकर्ताओं के खिलाफ पुलिस ने बड़ा एक्शन लेते हुए मामला दर्ज कर लिया है। इस कार्रवाई में नेता प्रतिपक्ष उमंग सिंघार समेत कई विधायक और कांग्रेस नेता शामिल हैं।
दरअसल किसानों की विभिन्न मांगों को लेकर कांग्रेस पार्टी ने 7 मई को चक्काजाम कर विरोध प्रदर्शन किया था। आंदोलन के दौरान बड़ी संख्या में कांग्रेस कार्यकर्ता और नेता हाईवे पर पहुंचे थे, जिससे नेशनल हाईवे का यातायात प्रभावित हुआ। हालांकि प्रशासन ने पहले से वैकल्पिक मार्गों पर ट्रैफिक डायवर्ट कर दिया था और मौके पर भारी पुलिस बल तैनात रहा।
प्रदर्शन के बाद नेता प्रतिपक्ष उमंग सिंघार के नेतृत्व में कांग्रेस नेताओं ने कलेक्टर को ज्ञापन भी सौंपा था। ज्ञापन सौंपने के बाद धरना समाप्त कर दिया गया, लेकिन अब इस पूरे मामले में पुलिस ने कानूनी कार्रवाई शुरू कर दी है।
पुलिस ने जिन नेताओं को नामजद किया है उनमें नेता प्रतिपक्ष उमंग सिंघार, विधायक प्रताप ग्रेवाल, सुरेंद्र सिंह बघेल, बाला बच्चन, झूमा सोलंकी, केदार डावर, कांतिलाल भूरिया, सचिन यादव समेत कई पूर्व विधायक और कांग्रेस पदाधिकारी शामिल हैं। कुल 25 से ज्यादा लोगों के खिलाफ मामला दर्ज किया गया है।
पुलिस ने भारतीय न्याय संहिता यानी BNS की धाराओं और राष्ट्रीय राजमार्ग अधिनियम की धारा 8 बी के तहत केस दर्ज किया है। प्रशासन का कहना है कि हाईवे जाम होने से आम लोगों को परेशानी हुई और यातायात व्यवस्था प्रभावित हुई, इसलिए कानून के मुताबिक कार्रवाई की गई है।
वहीं कांग्रेस इस कार्रवाई को किसानों की आवाज दबाने की कोशिश बता रही है। अब इस मामले को लेकर प्रदेश की राजनीति और तेज होने की संभावना जताई जा रही है।

