पटना। बिहार विधानसभा चुनाव के माहौल में सियासी बयानबाजी तेज हो गई है। राघोपुर सीट से राजद उम्मीदवार तेजस्वी यादव ने शनिवार को प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के बिहार दौरे पर निशाना साधते हुए कहा कि भाजपा और उसके नेता सिर्फ नकारात्मक राजनीति करते हैं। उन्होंने आरोप लगाया कि प्रधानमंत्री बिहार को न्याय देने में नाकाम रहे और राज्य के विकास के नाम पर केवल वादे किए गए।
तेजस्वी यादव ने पटना में पत्रकारों से कहा कि यह लोग नकारात्मक हैं। नौकरी नहीं दे सकते, लोगों के साथ न्याय नहीं कर सकते, खासतौर पर बिहार के साथ। प्रधानमंत्री फैक्ट्री गुजरात में लगवाते हैं और बिहार में केवल वोट लेने आते हैं। अभी भी बिहार के लोगों को करोड़ों की तादाद में पलायन क्यों करना पड़ रहा है? उनका कहना था कि प्रधानमंत्री के एक-एक वाक्य में नकारात्मकता नजर आती है।
उन्होंने भाजपा पर चुनावी माहौल में केवल जांच की राजनीति करने का भी आरोप लगाया। तेजस्वी यादव का कहना था कि भाजपा के लोग 2008 से सिर्फ जांच ही कर रहे हैं। जब चुनाव आता है, तब वे जांच शुरू करते हैं। यह सब लोगों को गुमराह करने के लिए किया जा रहा है, लेकिन बिहार की जनता अब मुद्दों की बात करती है — और हम भी मुद्दों की ही बात करते हैं।
भाजपा का पलटवार तेजी से आया। राष्ट्रीय प्रवक्ता सैयद शाहनवाज हुसैन ने कहा कि तेजस्वी यादव अपनी हार का अंदाजा कर चुके हैं। उन्होंने कहा कि तेजस्वी को यह यकीन हो गया है कि NDA चुनाव जीतने वाली है, इसलिए वे अब हम पर सवाल उठा रहे हैं।
शाहनवाज ने आगे जोड़ा कि बिहार में फैक्ट्री भी लगेगी और विक्ट्री भी होगी। NDA पूरी ताकत से चुनाव लड़ रही है और इस बार 200 से ज्यादा सीटें जीतने की उम्मीद है।

