कांग्रेस में बड़ी सर्जरी की तैयारी! निष्क्रिय जिला अध्यक्षों पर गिरेगी गाज, AICC बना रहा रिपोर्ट कार्ड, वन टू वन चर्चा के बाद होगा बड़ा एक्शन

भोपाल। मध्य प्रदेश कांग्रेस में अब संगठन को लेकर बड़ी कार्रवाई की तैयारी शुरू हो गई है। पार्टी उन जिला अध्यक्षों पर सख्त फैसला लेने जा रही है जो लंबे समय से निष्क्रिय हैं या संगठन में खराब प्रदर्शन कर रहे हैं। ऑल इंडिया कांग्रेस कमेटी यानी AICC प्रदेश के जिला अध्यक्षों का रिपोर्ट कार्ड तैयार कर रही है और माना जा रहा है कि रिपोर्ट आने के बाद संगठन में बड़ा बदलाव देखने को मिल सकता है। कांग्रेस सूत्रों के मुताबिक वन टू वन चर्चा के बाद कई जिला अध्यक्षों की जिम्मेदारी छीनी जा सकती है और नए चेहरों को मौका दिया जाएगा।

दरअसल संगठन सृजन अभियान के दौरान कई नेताओं को जिला अध्यक्ष की जिम्मेदारी सौंपी गई थी, लेकिन अब पार्टी उनके कामकाज की समीक्षा कर रही है। कांग्रेस के वरिष्ठ नेता और पूर्व मंत्री पीसी शर्मा ने कहा कि संगठन सृजन के मूल सिद्धांत पर काम किया जा रहा है और एक्टिवेशन के लिए लगातार एक्शन लिए जा रहे हैं। पार्टी अब सिर्फ नाम के पदाधिकारी नहीं बल्कि मैदान में सक्रिय नेताओं को आगे लाने की रणनीति पर काम कर रही है।

इधर बढ़ती महंगाई और सीएनजी के दामों को लेकर भी कांग्रेस ने केंद्र सरकार पर हमला तेज कर दिया है। पूर्व मंत्री पीसी शर्मा ने कहा कि मोदी राज में जनता परेशान है। उन्होंने आरोप लगाया कि 2014 में किए गए वादे पूरे नहीं हुए। न पेट्रोल-डीजल सस्ता हुआ, न रोजगार मिला और न ही लोगों के खातों में 15 लाख रुपए आए। उन्होंने कहा कि कमर्शियल सिलेंडर महंगे हो गए, दूध के दाम बढ़ गए और अब सीएनजी भी महंगी हो रही है। कांग्रेस का कहना है कि देश की आर्थिक और विदेश नीति पूरी तरह फेल साबित हो रही है।

वहीं कांग्रेस अब युवाओं को साधने की रणनीति पर भी तेजी से काम कर रही है। पीसी शर्मा ने कहा कि कांग्रेस युवाओं की पार्टी है और संगठन सृजन के बाद लगातार युवा वोटर्स तक पहुंचने की कोशिश की जा रही है। नई प्लानिंग के तहत युवाओं से संवाद किया जा रहा है और उनके मुद्दों को मजबूती से उठाया जा रहा है। चाहे नीट परीक्षा का मामला हो, किसानों की समस्याएं हों या रोजगार का मुद्दा, कांग्रेस अब युवाओं के बीच जाकर सरकार की नीतियों को घेरने की तैयारी में जुट गई है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *