भीषण गर्मी में फूटा ग्रामीणों का गुस्सा! खाली बर्तन लेकर सड़क पर उतरे लोग, जलसंकट को लेकर किया चक्काजाम

रायसेन। भीषण गर्मी और पानी की भारी किल्लत से परेशान ग्रामीणों का गुस्सा आखिरकार सड़क पर फूट पड़ा। जिले के ग्राम नकतरा में जल संकट से जूझ रहे लोगों ने सागर-रायसेन मार्ग पर खाली बर्तन रखकर चक्काजाम कर दिया और प्रशासन के खिलाफ जमकर नारेबाजी की। सड़क के बीच बैठे ग्रामीणों ने साफ कहा कि अब बूंद-बूंद पानी के लिए तरसना उनकी मजबूरी बन चुका है।

ग्राम नकतरा में लंबे समय से पानी की समस्या बनी हुई है। गर्मी बढ़ते ही हालात और खराब हो गए हैं। ग्रामीणों का आरोप है कि हर साल उन्हें इसी संकट का सामना करना पड़ता है, लेकिन अब तक कोई स्थायी समाधान नहीं किया गया। प्रदर्शन में बड़ी संख्या में महिलाएं, बुजुर्ग और पुरुष शामिल हुए, जिन्होंने खाली बर्तन हाथ में लेकर प्रशासन के खिलाफ विरोध जताया।

ग्रामीणों का कहना है कि गांव में पीने के पानी की भारी कमी है और कई बार दूर-दराज से पानी लाना पड़ता है। लोगों ने आरोप लगाया कि शासन की योजनाएं सिर्फ कागजों तक सीमित हैं और गांव तक उनका फायदा नहीं पहुंच पाया है।

चक्काजाम की सूचना मिलते ही प्रशासन और पुलिस की टीम मौके पर पहुंची। अधिकारियों ने ग्रामीणों से बातचीत कर जल्द टैंकरों के जरिए पानी उपलब्ध कराने का आश्वासन दिया। काफी देर तक चली समझाइश के बाद ग्रामीणों ने प्रदर्शन खत्म किया और सड़क से जाम हटाया।

हालांकि ग्रामीणों ने चेतावनी भी दी है कि यदि जल्द स्थायी समाधान नहीं किया गया, तो आने वाले दिनों में आंदोलन और उग्र हो सकता है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *