भोपाल। भोपाल के चर्चित ट्विशा शर्मा मौत मामले में अब जांच लगातार गहराती जा रही है। हाई प्रोफाइल बन चुके इस केस में अब केंद्रीय गृह मंत्रालय भी सक्रिय हो गया है। ट्विशा के पति समर्थ सिंह के खिलाफ लुक आउट नोटिस जारी किया गया है, क्योंकि पुलिस को आशंका है कि वह देश छोड़कर विदेश भाग सकता है। वहीं सुसाइड में इस्तेमाल हुई बेल्ट की रिपोर्ट भी सामने आ गई है, जिसने मामले को नया मोड़ दे दिया है।
ट्विशा सुसाइड केस में पति समर्थ सिंह को आरोपी बनाया गया है। अग्रिम जमानत याचिका खारिज होने के बाद से वह पुलिस की पकड़ से बाहर है। इसके बाद डीसीपी जोन-2 ने उस पर 10 हजार रुपए का इनाम घोषित करते हुए लुक आउट नोटिस जारी किया। भोपाल पुलिस ने केंद्रीय गृह मंत्रालय और इमीग्रेशन विभाग को पत्र भेजकर समर्थ सिंह का पासपोर्ट रद्द कराने की प्रक्रिया भी शुरू कर दी है। फिलहाल पुलिस की छह टीमें उसकी तलाश में जुटी हुई हैं।
इधर, ट्विशा की मौत में इस्तेमाल की गई बेल्ट की रिपोर्ट भी सामने आ चुकी है। रिपोर्ट में दावा किया गया है कि उसी बेल्ट से ट्विशा की मौत हुई थी। लिगेचर रिपोर्ट में भी मौत को आत्महत्या बताया गया है। हालांकि इस पूरे मामले में पोस्टमार्टम प्रक्रिया पर गंभीर सवाल उठ रहे हैं, क्योंकि शुरुआती पोस्टमार्टम के दौरान फंदे में इस्तेमाल बेल्ट एम्स भोपाल को नहीं दी गई थी। बाद में पुलिस ने बेल्ट जांच के लिए सौंपी।
भोपाल एम्स की शॉर्ट पोस्टमार्टम रिपोर्ट में ट्विशा के शरीर पर कई चोटों के निशानों का जिक्र किया गया है। ट्विशा के परिजन शुरुआत से ही हत्या की आशंका जता रहे हैं और मामले की जांच मध्यप्रदेश से बाहर किसी स्वतंत्र एजेंसी से कराने की मांग कर रहे हैं। परिजनों ने दिल्ली एम्स में दोबारा पोस्टमार्टम कराने की मांग भी उठाई है। यही वजह है कि मौत के कई दिन बाद भी परिवार अंतिम संस्कार के लिए तैयार नहीं हुआ।
वहीं ट्विशा की सास और रिटायर्ड जज गिरिबाला सिंह ने रिपोर्ट पर सवाल उठाते हुए कहा कि यह केवल सनसनी फैलाने के लिए तैयार की गई है। उनके वकील का कहना है कि रिपोर्ट में चोटों का जिक्र तो है, लेकिन यह साफ नहीं बताया गया कि चोट कहां और कितनी थीं। उन्होंने कहा कि किसी भी एजेंसी से जांच कराने या दोबारा पोस्टमार्टम कराने पर उन्हें कोई आपत्ति नहीं है।
इस बीच ट्विशा की सास गिरिबाला सिंह का एक बयान भी चर्चा में है। उन्होंने कहा कि ट्विशा पौधों और बच्चों की बातें तो करती थी, लेकिन व्यवहार में वैसा नहीं था। इस बयान के बाद सोशल मीडिया पर भी बहस तेज हो गई है।
अब इस पूरे मामले में पुलिस जांच, पोस्टमार्टम प्रक्रिया और आरोपी पति की तलाश को लेकर कई बड़े सवाल खड़े हो रहे हैं।

