ट्विशा शर्मा केस में भोपाल पुलिस कमिश्नर का बड़ा खुलासा! आरोपी पति समर्थ सिंह की तलाश में लगातार दबिश, सास गिरिबाला पर जांच में सहयोग नहीं करने का आरोप

भोपाल। भोपाल के बहुचर्चित ट्विशा शर्मा मौत मामले में अब पुलिस कमिश्नर संजय कुमार ने बड़ा बयान दिया है। प्रेस कॉन्फ्रेंस करते हुए उन्होंने साफ कहा कि इस हाई प्रोफाइल केस की जांच पूरी तरह निष्पक्ष तरीके से की जा रही है और किसी भी आरोपी को बख्शा नहीं जाएगा।

पुलिस कमिश्नर ने बताया कि मामले में मृतका की सास और रिटायर्ड जज गिरिबाला सिंह को अब तक तीन नोटिस जारी किए जा चुके हैं, लेकिन उनकी तरफ से जांच में अपेक्षित सहयोग नहीं मिल रहा है। हालांकि पुलिस ने उनके द्वारा किए गए फोन कॉल्स और संपर्कों को भी जांच का हिस्सा बना लिया है और हर एंगल से मामले की पड़ताल की जा रही है।

कमिश्नर संजय कुमार ने यह भी बताया कि ट्विशा शर्मा के पति और मुख्य आरोपी समर्थ सिंह की गिरफ्तारी के लिए पुलिस की कई टीमें लगातार संभावित ठिकानों पर दबिश दे रही हैं। आरोपी घटना के बाद से फरार बताया जा रहा है। पुलिस ने उसकी अग्रिम जमानत यानी एंटीसिपेटरी बेल का कोर्ट में जोरदार विरोध किया है और इसे निरस्त कराने के लिए हाईकोर्ट का रुख भी किया गया है।

पुलिस कमिश्नर ने कहा कि इस पूरे मामले में पुलिस पर किसी तरह का कोई दबाव नहीं है और जांच पूरी पारदर्शिता के साथ आगे बढ़ रही है। उन्होंने भरोसा दिलाया कि घटना के हर पहलू की बारीकी से जांच की जा रही है और जो भी दोषी पाया जाएगा उसके खिलाफ कानून के मुताबिक सख्त कार्रवाई की जाएगी।

ट्विशा शर्मा मौत मामला लगातार सुर्खियों में बना हुआ है और अब पुलिस कमिश्नर के इस बयान के बाद पूरे केस ने एक बार फिर नया मोड़ ले लिया है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *