भोपाल। मध्य प्रदेश के सीधी जिले से बेहद दर्दनाक खबर सामने आई है। यहां शॉर्ट सर्किट से लगी आग ने एक परिवार की खुशियां हमेशा के लिए छीन लीं। इस हादसे में तीन मासूम बच्चों की दर्दनाक मौत हो गई, जिसके बाद पूरे गांव में मातम का माहौल है। घटना सीधी जिले के ग्राम कसिहवा, ग्राम पंचायत बघवारी, तहसील गोपद बनास की है। बताया जा रहा है कि शनिवार सुबह करीब 11 बजकर 20 मिनट पर रामरतन साकेत के घर के पास लगे बिजली के पोल में अचानक शॉर्ट सर्किट हुआ, जिसके बाद आग भड़क उठी। देखते ही देखते आग ने विकराल रूप ले लिया और उसकी चपेट में आकर तीन मासूम बच्चों की जान चली गई।
हादसे में रामरतन साकेत की बेटी कुमारी घुम्मु उर्फ संध्या साकेत उम्र लगभग 6 वर्ष, दूसरी बेटी कुमारी रिद्धि उम्र करीब डेढ़ वर्ष और बेटा नागेंद्र उम्र लगभग 3 वर्ष की दर्दनाक मौत हो गई। घटना की खबर मिलते ही इलाके में अफरा-तफरी मच गई और गांव में शोक की लहर दौड़ गई।
इस दर्दनाक हादसे की जानकारी मिलते ही मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव ने तत्काल संज्ञान लिया। मुख्यमंत्री ने इस घटना को अत्यंत दुखद और हृदय विदारक बताते हुए शोक संतप्त परिवार के प्रति गहरी संवेदनाएं व्यक्त कीं। उन्होंने ईश्वर से दिवंगत बच्चों की आत्मा की शांति और परिवार को इस दुख को सहने की शक्ति देने की प्रार्थना की।
मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव ने कहा कि इस दुख की घड़ी में राज्य सरकार पीड़ित परिवार के साथ पूरी मजबूती से खड़ी है। उन्होंने मृत बच्चों के परिजनों के लिए आर्थिक सहायता की घोषणा भी की। राज्य सरकार की ओर से 2-2 लाख रुपये की सहायता राशि देने का ऐलान किया गया है, जबकि मध्य प्रदेश पूर्व क्षेत्र विद्युत वितरण कंपनी लिमिटेड द्वारा 4-4 लाख रुपये राहत राशि देने की घोषणा की गई है। इस तरह प्रत्येक मृतक बच्चे के परिवार को कुल 6-6 लाख रुपये की आर्थिक सहायता दी जाएगी।
इसके अलावा जिला प्रशासन सीधी द्वारा अंत्येष्टि सहायता के रूप में 5-5 हजार रुपये की राशि भी दी गई है। वहीं जिला रेडक्रॉस सोसायटी सीधी की ओर से परिजनों को तत्काल राहत के तौर पर 20-20 हजार रुपये की आर्थिक सहायता भी उपलब्ध करा दी गई है।
इस दर्दनाक घटना के बाद पूरे इलाके में शोक का माहौल है और लोग बिजली व्यवस्था को लेकर गंभीर सवाल उठा रहे हैं।

