पेट्रोल-डीजल की कीमतों में लगी आग, सीहोर में पेट्रोल पहुंचा 114 रुपये, जनता में भारी नाराजगी

सीहोर। मध्य प्रदेश के सीहोर जिले में पेट्रोल और डीजल की लगातार बढ़ती कीमतों ने आम लोगों की मुश्किलें बढ़ा दी हैं। महंगाई की मार झेल रही जनता अब ईंधन के बढ़ते दामों से भी परेशान नजर आ रही है। हालात यह हैं कि बीते 11 दिनों के भीतर पेट्रोल और डीजल के दामों में चार बार बढ़ोतरी की जा चुकी है, जिससे आम आदमी का बजट पूरी तरह बिगड़ गया है।

सरकारी तेल कंपनियों की ताजा बढ़ोतरी के बाद सीहोर में पेट्रोल का दाम 114 रुपये प्रति लीटर तक पहुंच गया है। वहीं डीजल की कीमतों में भी लगातार इजाफा दर्ज किया गया है। आंकड़ों के मुताबिक पिछले 11 दिनों में पेट्रोल करीब 2 रुपये 61 पैसे प्रति लीटर महंगा हुआ है, जबकि डीजल के दाम में लगभग 2 रुपये 71 पैसे की बढ़ोतरी हुई है।

विशेषज्ञों के मुताबिक अंतरराष्ट्रीय बाजार में कच्चे तेल की कीमतों में उछाल और घरेलू स्तर पर लगने वाले टैक्स इस बढ़ोतरी की बड़ी वजह माने जा रहे हैं। तेल कंपनियों द्वारा रोजाना समीक्षा के नाम पर धीरे-धीरे बढ़ाए जा रहे दामों ने आम उपभोक्ताओं की जेब पर सीधा असर डाला है।

सीहोर जिले में नौकरीपेशा लोगों, किसानों और मध्यमवर्गीय परिवारों में इस बढ़ोतरी को लेकर भारी नाराजगी देखने को मिल रही है। लोगों का कहना है कि पेट्रोल और डीजल महंगे होने से रोजमर्रा का सफर खर्चीला हो गया है। वहीं मालभाड़ा बढ़ने से सब्जियों, राशन और अन्य जरूरी सामानों की कीमतें भी बढ़ने लगी हैं।

ग्रामीण इलाकों के किसानों का कहना है कि डीजल के दाम बढ़ने से खेती की लागत लगातार बढ़ रही है। ट्रैक्टर, सिंचाई और अन्य कृषि कार्यों में खर्च बढ़ने से उनका मुनाफा कम होता जा रहा है। जनता ने सरकार से ईंधन पर लगने वाले टैक्स में कटौती कर राहत देने की मांग की है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *