सीहोर। मध्य प्रदेश के सीहोर में बढ़ती महंगाई, पेट्रोल-डीजल की कीमतों और बिजली-पानी की बदहाल व्यवस्था को लेकर कांग्रेस ने अनोखे अंदाज में विरोध प्रदर्शन किया। कांग्रेस कार्यकर्ताओं ने शहर की सड़कों पर उतरकर लोगों को ‘मेलोडी’ चॉकलेट बांटी और केंद्र व राज्य सरकार पर जमकर निशाना साधा। यह अनोखा प्रदर्शन पूरे शहर में चर्चा का विषय बन गया।
कांग्रेस जिलाध्यक्ष राजीव गुजराती के नेतृत्व में हुए इस प्रदर्शन में बड़ी संख्या में कार्यकर्ता शामिल हुए। शहर के व्यस्त बस स्टैंड और पटेल पेट्रोल पंप के आसपास कांग्रेसियों ने राहगीरों, किसानों और आम लोगों को मेलोडी चॉकलेट बांटते हुए सरकार के खिलाफ नारेबाजी की। प्रदर्शन के दौरान कांग्रेस नेताओं ने प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी और इटली की प्रधानमंत्री जॉर्जिया मेलोनी की हालिया मुलाकात को लेकर भी सियासी तंज कसा।
राजीव गुजराती ने कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने विदेश दौरे के दौरान इटली की पीएम जॉर्जिया मेलोनी से मुलाकात की थी और उस दौरान मेलोडी चॉकलेट को लेकर सोशल मीडिया पर खूब चर्चा हुई। उन्होंने कहा कि भाजपा नेता इस मुलाकात को उपलब्धि बताकर जश्न मना रहे हैं, जबकि देश की जनता महंगाई और बेरोजगारी से परेशान है।
कांग्रेस जिलाध्यक्ष ने आरोप लगाया कि भाजपा सरकार जनता को असली मुद्दों से भटकाना चाहती है। उन्होंने कहा कि पेट्रोल-डीजल के दाम लगातार बढ़ रहे हैं, बिजली-पानी की व्यवस्था खराब हो चुकी है और आम आदमी का बजट पूरी तरह बिगड़ गया है। लेकिन सरकार इन समस्याओं पर ध्यान देने के बजाय लोगों को “मेलोडी” में उलझाकर असली मुद्दे भुलाना चाहती है।
प्रदर्शन के दौरान कांग्रेस कार्यकर्ताओं ने कहा कि जनता अब सब समझ चुकी है और सिर्फ प्रचार से काम नहीं चलेगा। कांग्रेस नेताओं ने दावा किया कि वे सड़क से लेकर संसद तक आम जनता की आवाज उठाते रहेंगे और महंगाई के खिलाफ संघर्ष जारी रहेगा।

