भोपाल/अनूपपुर। मध्य प्रदेश के अनूपपुर जिले से एक बेहद दुखद हादसे की खबर सामने आई है। पुष्पराजगढ़ क्षेत्र के बिजौरा गांव में श्रद्धालुओं से भरी एक ट्रैक्टर-ट्रॉली अचानक अनियंत्रित होकर पलट गई। हादसा इतना भीषण था कि इसमें कई श्रद्धालुओं की जान चली गई, जबकि कई अन्य घायल हो गए। घटना के बाद पूरे इलाके में मातम का माहौल है और परिजनों का रो-रोकर बुरा हाल है।
बताया जा रहा है कि श्रद्धालु ट्रैक्टर-ट्रॉली में सवार होकर मंदिर दर्शन के लिए जा रहे थे। इसी दौरान बिजौरा गांव के पास वाहन दुर्घटनाग्रस्त हो गया और ट्रॉली पलट गई। हादसे के बाद मौके पर चीख-पुकार मच गई। स्थानीय लोगों और प्रशासन की मदद से घायलों को तुरंत अस्पताल पहुंचाया गया, जहां उनका उपचार जारी है।
इस दर्दनाक घटना पर मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव ने गहरा शोक व्यक्त किया है। मुख्यमंत्री ने कहा कि अनूपपुर जिले के पुष्पराजगढ़ स्थित ग्राम बिजौरा में श्रद्धालुओं को लेकर मंदिर जा रही ट्रैक्टर-ट्रॉली के पलटने से हुई सड़क दुर्घटना में लोगों के असामयिक निधन और घायल होने का समाचार अत्यंत दुखद है। उन्होंने शोक संतप्त परिवारों के प्रति संवेदना व्यक्त करते हुए बाबा महाकाल से दिवंगत आत्माओं की शांति और घायलों के शीघ्र स्वस्थ होने की प्रार्थना की।
मुख्यमंत्री ने हादसे में जान गंवाने वाले प्रत्येक मृतक के परिजनों को राज्य शासन की ओर से 4-4 लाख रुपये की आर्थिक सहायता देने के निर्देश भी दिए हैं। साथ ही प्रशासन को घायलों के बेहतर उपचार की व्यवस्था सुनिश्चित करने के आदेश दिए गए हैं।
अनूपपुर का यह हादसा एक बार फिर ग्रामीण क्षेत्रों में यात्रियों को ढोने के लिए ट्रैक्टर-ट्रॉली के इस्तेमाल और सड़क सुरक्षा को लेकर गंभीर सवाल खड़े कर रहा है। फिलहाल प्रशासन दुर्घटना के कारणों की जांच में जुटा हुआ है।

