उज्जैन। धार्मिक नगरी उज्जैन से एक बार फिर घर-वापसी का मामला सामने आया है, जहां सलमान खान नाम के एक युवक ने अपनी इच्छा से सनातन धर्म को अपनाने का निर्णय लिया। श्री मौनतीर्थ पीठ में विधि-विधान के साथ हुए इस कार्यक्रम में युवक का शुद्धिकरण कराया गया और उसे नया नाम ‘शांतनु’ दिया गया। इस घटना के बाद यह मामला चर्चा का विषय बन गया है।
मौनतीर्थ पीठ के महामंडलेश्वर सुमन आनंद गिरी महाराज ने बताया कि युवक पिछले कई महीनों से सनातन धर्म में प्रवेश करने की इच्छा रखता था। अपनी इस इच्छा को पूरा करने के लिए उसने कई स्थानों पर संपर्क किया, लेकिन उसे सफलता नहीं मिली। आखिरकार जब वह मौनतीर्थ पीठ पहुंचा तो आश्रम की परंपराओं के अनुसार उसका स्वागत किया गया और पूरी धार्मिक प्रक्रिया के साथ उसकी घर-वापसी कराई गई।
महामंडलेश्वर सुमन आनंद गिरी महाराज ने इस अवसर पर कहा कि उनका उद्देश्य किसी का धर्मांतरण कराना नहीं है, बल्कि उन लोगों की घर-वापसी कराना है जो अपने मूल धर्म और संस्कृति की ओर लौटना चाहते हैं। उन्होंने कहा कि कई परिवारों के पूर्वज विभिन्न कारणों से समय के साथ अन्य धर्मों में चले गए थे, लेकिन आज भी उनकी आस्था और संस्कार उन्हें अपनी जड़ों की ओर वापस बुलाते हैं।
उन्होंने गीता के संदेश का उल्लेख करते हुए कहा कि अपने धर्म और परंपराओं के साथ जुड़े रहना ही सबसे श्रेष्ठ मार्ग है। महामंडलेश्वर ने यह भी कहा कि हमारी संस्कृति और पारिवारिक परंपराएं व्यक्ति के जीवन पर गहरा प्रभाव डालती हैं और यही कारण है कि कई लोग अपनी मूल पहचान की ओर लौटने का निर्णय लेते हैं।
मौनतीर्थ पीठ के अनुसार इससे पहले भी कई लोगों की घर-वापसी कराई जा चुकी है। पीठ का दावा है कि पूर्व में ईसाई धर्म मानने वाले कई बच्चों ने भी सनातन धर्म अपनाया था। वहीं पिछले वर्ष एक मुस्लिम महिला ने अपनी बेटी के साथ सनातन धर्म स्वीकार किया था। अब सलमान से शांतनु बने इस युवक की घर-वापसी एक बार फिर चर्चा का केंद्र बन गई है।

