MP में सौर क्रांति! CM मोहन यादव आज देंगे दो बड़े सोलर पार्क की सौगात, सस्ती बिजली की दिशा में बड़ा कदम

भोपाल। मध्य प्रदेश आज हरित ऊर्जा की दिशा में एक और बड़ा कदम बढ़ाने जा रहा है। मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव आज नीमच में 500 मेगावॉट और शाजापुर में 450 मेगावॉट क्षमता वाले दो विशाल सोलर पार्कों का उद्घाटन करेंगे। इसके साथ ही प्रदेश में सौर ऊर्जा उत्पादन को नई गति मिलेगी और भविष्य में सस्ती बिजली उपलब्ध कराने की दिशा में भी बड़ा प्रयास माना जा रहा है।

इस अवसर पर मुख्यमंत्री 440 मेगावॉट क्षमता वाली मुरैना सोलर प्लस स्टोरेज परियोजना के पावर परचेज एग्रीमेंट यानी पीपीए पर भी हस्ताक्षर कराएंगे। यह मध्य प्रदेश की पहली सोलर ऊर्जा भंडारण परियोजना होगी। कार्यक्रम में केंद्रीय नवीन एवं नवीकरणीय ऊर्जा मंत्री प्रह्लाद जोशी और प्रदेश के ऊर्जा मंत्री राकेश शुक्ला भी मौजूद रहेंगे।

अधिकारियों के अनुसार मुरैना सोलर प्लस स्टोरेज परियोजना के लिए 2 रुपये 70 पैसे प्रति यूनिट की दर तय हुई है, जिसे देश की सबसे कम दरों में शामिल माना जा रहा है। वहीं नीमच और शाजापुर के सोलर पार्कों से भी बेहद कम लागत पर बिजली उत्पादन होगा। नीमच सोलर पार्क की बिजली दर लगभग 2 रुपये 14 पैसे प्रति यूनिट रही है, जबकि शाजापुर सोलर पार्क की दरें भी देश की सबसे प्रतिस्पर्धी दरों में शामिल हैं।

कार्यक्रम के दौरान मुख्यमंत्री करीब 1593 करोड़ 98 लाख रुपये की विभिन्न औद्योगिक परियोजनाओं और विकास कार्यों का भूमि पूजन और लोकार्पण भी करेंगे। सरकार का मानना है कि इन परियोजनाओं से प्रदेश में निवेश को बढ़ावा मिलेगा, रोजगार के नए अवसर पैदा होंगे और औद्योगिक विकास को गति मिलेगी।

नीमच का 500 मेगावॉट सोलर पार्क तीन यूनिट में विकसित किया गया है, जिनकी बिजली दर 2 रुपये 14 से 2 रुपये 15 पैसे प्रति यूनिट के बीच है। वहीं शाजापुर का 450 मेगावॉट सोलर पार्क भी तीन यूनिट में तैयार हुआ है, जहां बिजली उत्पादन की दर 2 रुपये 33 से 2 रुपये 35 पैसे प्रति यूनिट के बीच तय हुई है।

इसके अलावा आगर में 550 मेगावॉट क्षमता का एक और सोलर पार्क निर्माणाधीन है। इस परियोजना से भी भविष्य में कम लागत पर स्वच्छ ऊर्जा उपलब्ध होगी। सरकार का लक्ष्य है कि मध्य प्रदेश को नवीकरणीय ऊर्जा के क्षेत्र में देश के अग्रणी राज्यों में शामिल किया जाए और आम उपभोक्ताओं तक सस्ती व स्वच्छ बिजली पहुंचाई जा सके।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *