चारधाम यात्रा के नाम पर ऑनलाइन ठगी का जाल! भोपाल पुलिस की चेतावनी, बुकिंग से पहले जरूर बरतें ये सावधानियां

भोपाल। चारधाम यात्रा, हेलीकॉप्टर बुकिंग, होटल रिजर्वेशन और टूर पैकेज के नाम पर ऑनलाइन ठगी के मामले तेजी से बढ़ रहे हैं। इसे देखते हुए भोपाल साइबर पुलिस ने यात्रियों के लिए विशेष एडवाइजरी जारी की है। पुलिस का कहना है कि साइबर अपराधी फर्जी वेबसाइट, सोशल मीडिया विज्ञापनों, व्हाट्सएप नंबरों और नकली कस्टमर केयर सेंटरों के जरिए लोगों को निशाना बना रहे हैं और उनसे बड़ी रकम ठग रहे हैं।

साइबर पुलिस के अनुसार यात्रा से जुड़ी किसी भी प्रकार की बुकिंग करते समय बेहद सावधानी बरतने की जरूरत है। यात्रियों को सलाह दी गई है कि वे केवल आधिकारिक वेबसाइटों या अधिकृत एजेंसियों के माध्यम से ही हेलीकॉप्टर, होटल और टूर पैकेज की बुकिंग करें। किसी भी वेबसाइट पर भुगतान करने से पहले उसकी प्रामाणिकता और वेबसाइट एड्रेस की अच्छी तरह जांच जरूर करें।

पुलिस ने यह भी कहा है कि सोशल मीडिया पर दिखाई देने वाले सस्ते और आकर्षक ऑफरों के झांसे में बिल्कुल न आएं। कई बार साइबर ठग कम कीमत का लालच देकर लोगों को फर्जी लिंक पर ले जाते हैं और फिर उनके बैंक खातों से पैसे निकाल लेते हैं। बुकिंग के बाद भुगतान की रसीद और स्क्रीनशॉट सुरक्षित रखना भी बेहद जरूरी है, ताकि जरूरत पड़ने पर उसका उपयोग किया जा सके।

साइबर पुलिस ने लोगों को आगाह किया है कि किसी भी अनजान व्यक्ति के साथ अपना ओटीपी, यूपीआई पिन, बैंक खाता नंबर या अन्य गोपनीय वित्तीय जानकारी साझा न करें। थोड़ी सी लापरवाही आपको बड़ी आर्थिक क्षति पहुंचा सकती है।

यदि कोई व्यक्ति ऑनलाइन ठगी का शिकार हो जाता है, तो उसे बिना देरी किए तुरंत शिकायत दर्ज करानी चाहिए। इसके लिए नजदीकी थाने के अलावा भोपाल साइबर अपराध हेल्पलाइन 9479990636 और राष्ट्रीय साइबर हेल्पलाइन 1930 पर संपर्क किया जा सकता है। साथ ही राष्ट्रीय साइबर अपराध शिकायत पोर्टल पर भी ऑनलाइन शिकायत दर्ज करने की सुविधा उपलब्ध है।

पुलिस ने सभी यात्रियों से अपील की है कि यात्रा की तैयारी के साथ-साथ साइबर सुरक्षा का भी पूरा ध्यान रखें, ताकि आपकी आस्था की यात्रा किसी साइबर ठगी का शिकार न बन जाए।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *