इंदौर। राज्यसभा चुनाव में कांग्रेस प्रत्याशी मीनाक्षी नटराजन का नामांकन निरस्त किए जाने का मामला अब लगातार तूल पकड़ता जा रहा है। इस मुद्दे को लेकर युवा कांग्रेस सोमवार को सड़कों पर उतर आई और कलेक्टर कार्यालय पहुंचकर जोरदार विरोध प्रदर्शन किया। प्रदर्शन के दौरान कार्यकर्ताओं ने राष्ट्रपति के नाम ज्ञापन सौंपते हुए पूरे मामले की निष्पक्ष और उच्चस्तरीय जांच की मांग की।
इंदौर शहर युवा कांग्रेस अध्यक्ष अमित पटेल के नेतृत्व में बड़ी संख्या में कार्यकर्ता कलेक्टर कार्यालय पहुंचे। इस दौरान युवा कांग्रेस नेताओं ने आरोप लगाया कि राज्यसभा चुनाव के दौरान जो घटनाक्रम सामने आया है, उसने लोकतांत्रिक व्यवस्था और चुनावी प्रक्रिया की निष्पक्षता पर गंभीर सवाल खड़े कर दिए हैं।
युवा कांग्रेस का कहना है कि जिस तरह से कांग्रेस प्रत्याशी मीनाक्षी नटराजन का नामांकन निरस्त किया गया, उससे लोकतंत्र में विश्वास रखने वाले नागरिकों के बीच असंतोष और नाराजगी का माहौल बना है। नेताओं ने आरोप लगाया कि यदि चुनावी प्रक्रिया में सभी दलों और प्रत्याशियों के लिए समान नियमों का पालन नहीं किया जाता, तो इससे संवैधानिक संस्थाओं की विश्वसनीयता प्रभावित होती है।
राष्ट्रपति के नाम सौंपे गए ज्ञापन में कहा गया कि लोकतंत्र की मजबूती स्वतंत्र, निष्पक्ष और पारदर्शी चुनावों पर आधारित होती है, लेकिन इस पूरे प्रकरण में कई ऐसे सवाल सामने आए हैं जिनका जवाब देश की जनता जानना चाहती है। युवा कांग्रेस ने मांग की कि मामले की स्वतंत्र जांच कराई जाए, कथित अनियमितताओं के लिए जिम्मेदार लोगों की जवाबदेही तय की जाए और भविष्य में ऐसी घटनाओं की पुनरावृत्ति रोकने के लिए सख्त कदम उठाए जाएं।
प्रदर्शन के दौरान युवा कांग्रेस नेताओं ने कहा कि यह केवल एक प्रत्याशी का मुद्दा नहीं है, बल्कि लोकतांत्रिक मूल्यों और संविधान की रक्षा का सवाल है। उन्होंने दावा किया कि संगठन जनता के अधिकारों और लोकतांत्रिक व्यवस्था से जुड़े मुद्दों पर लगातार आवाज उठाता रहेगा और अन्याय के खिलाफ संघर्ष जारी रखेगा।
कलेक्टर कार्यालय परिसर में हुए इस प्रदर्शन में इंदौर शहर युवा कांग्रेस अध्यक्ष अमित पटेल, इंदौर ग्रामीण युवा कांग्रेस जिला अध्यक्ष गजेंद्र सिंह राठौर सहित बड़ी संख्या में कांग्रेस पदाधिकारी और कार्यकर्ता मौजूद रहे। अब देखना होगा कि इस मामले में आगे क्या राजनीतिक और कानूनी घटनाक्रम सामने आते हैं।

