‘बोतल में पेट्रोल नहीं मिलेगा’ सुनते ही भड़के युवक, पेट्रोल पंप पर मचा बवाल, मारपीट का वीडियो वायरल

शहडोल। मध्य प्रदेश के शहडोल जिले में पेट्रोल-डीजल की कमी अब लोगों की परेशानी से बढ़कर कानून-व्यवस्था की चुनौती बनती नजर आ रही है। पेट्रोल पंप पर बोतल में पेट्रोल देने से इनकार करने पर कुछ युवकों ने ऐसा हंगामा खड़ा कर दिया कि पूरा परिसर रणभूमि में बदल गया। घटना का वीडियो सोशल मीडिया पर तेजी से वायरल हो रहा है, जिसके बाद पुलिस ने मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।

पूरा मामला कोतवाली थाना क्षेत्र स्थित रायजादा एंड सन पेट्रोल पंप का बताया जा रहा है। जानकारी के मुताबिक कुछ युवक बोतल में पेट्रोल भरवाने पहुंचे थे, लेकिन सुरक्षा नियमों का हवाला देते हुए कर्मचारियों ने उन्हें पेट्रोल देने से मना कर दिया। बस फिर क्या था, इसी बात को लेकर विवाद शुरू हो गया।

प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार पहले युवकों ने कर्मचारियों के साथ बहस और गाली-गलौज की, लेकिन कुछ ही देर में मामला धक्का-मुक्की और मारपीट तक पहुंच गया। आरोप है कि गुस्साए युवकों ने कर्मचारियों पर चप्पलों से हमला किया और पेट्रोल पंप पर मौजूद अग्निशमन यंत्र तक उठा लिया। स्थिति इतनी बिगड़ गई कि कुछ समय के लिए पूरे पेट्रोल पंप पर अफरा-तफरी मच गई।

घटना का वीडियो अब सोशल मीडिया पर वायरल हो रहा है, जिसमें कुछ युवक कर्मचारियों के साथ अभद्रता करते और पेट्रोल पंप पर हंगामा करते दिखाई दे रहे हैं। वीडियो सामने आने के बाद पेट्रोल पंप प्रबंधन ने पुलिस में शिकायत दर्ज कराई।

पुलिस ने शिकायत के आधार पर दो आरोपियों के खिलाफ विभिन्न धाराओं में मामला दर्ज कर लिया है और जांच शुरू कर दी है। अधिकारियों का कहना है कि सीसीटीवी फुटेज और अन्य साक्ष्यों के आधार पर आरोपियों की भूमिका की जांच की जा रही है और दोषियों के खिलाफ नियमानुसार कार्रवाई की जाएगी।

गौरतलब है कि शहडोल जिले में इन दिनों ईंधन की कमी के चलते कई पेट्रोल पंपों पर आपूर्ति प्रभावित है। कई स्थानों पर लोग बोतलों और डिब्बों में पेट्रोल-डीजल भरवाने की कोशिश कर रहे हैं, जबकि सुरक्षा नियम इसकी अनुमति नहीं देते। ऐसे में यह घटना न केवल ईंधन संकट की तस्वीर दिखाती है, बल्कि यह भी बताती है कि छोटी सी बात पर बढ़ता गुस्सा किस तरह बड़े विवाद का रूप ले सकता है।

फिलहाल पुलिस पूरे मामले की जांच में जुटी हुई है और वायरल वीडियो के आधार पर आगे की कार्रवाई की जा रही है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *