खंडवा। देश की राष्ट्रपति द्रौपदी मुर्मु 18 जून को दो दिवसीय दौरे पर मध्य प्रदेश के खंडवा जिले स्थित ओंकारेश्वर पहुंचेंगी। इस दौरान वे भगवान ओंकारेश्वर ज्योतिर्लिंग और ममलेश्वर मंदिर में दर्शन-पूजन करेंगी तथा विशेष आरती में भी शामिल होंगी। राष्ट्रपति के आगमन को लेकर जिला प्रशासन और पुलिस ने सुरक्षा के कड़े इंतजाम किए हैं।
निर्धारित कार्यक्रम के अनुसार राष्ट्रपति द्रौपदी मुर्मु 18 जून को दोपहर करीब 1 बजकर 30 मिनट पर ओंकारेश्वर पहुंचेंगी। यहां वे एनएचडीसी गेस्ट हाउस में विश्राम करेंगी। शाम को वे ओंकारेश्वर ज्योतिर्लिंग और ममलेश्वर मंदिर पहुंचकर भगवान शिव के दर्शन करेंगी और आरती में भाग लेंगी। इसके बाद उनका रात्रि विश्राम ओंकारेश्वर में ही रहेगा।
दौरे के दूसरे दिन यानी 19 जून को राष्ट्रपति अंतर्राष्ट्रीय सिकल सेल दिवस के अवसर पर आयोजित विशेष कार्यक्रम में मुख्य अतिथि के रूप में शामिल होंगी। कार्यक्रम को संबोधित करने के बाद वे इंदौर के लिए रवाना हो जाएंगी।
राष्ट्रपति के दौरे को देखते हुए प्रशासन ने 17 जून से 19 जून तक विशेष यातायात व्यवस्था लागू की है। इंदौर-इच्छापुर मार्ग पर भारी वाहनों का डायवर्जन किया गया है, जबकि श्रद्धालुओं और आम नागरिकों के लिए अलग पार्किंग और वैकल्पिक मार्ग निर्धारित किए गए हैं। बसों को भी तय स्थानों पर रोका जाएगा, जहां से यात्रियों को विशेष व्यवस्था के जरिए ओंकारेश्वर पहुंचाया जाएगा।
सुरक्षा कारणों से पूरे ओंकारेश्वर क्षेत्र और कोठी हेलीपेड के आसपास दो किलोमीटर का दायरा नो-ड्रोन जोन घोषित किया गया है। प्रशासन ने साफ किया है कि इस दौरान ड्रोन उड़ाने पर पूरी तरह प्रतिबंध रहेगा और नियमों का उल्लंघन करने वालों के खिलाफ सख्त कार्रवाई की जाएगी।
इसके अलावा कार्यक्रम स्थल पर कई वस्तुओं के प्रवेश पर भी रोक लगाई गई है। ड्रोन, धारदार हथियार, पानी की बोतलें, लाइटर, माचिस, ज्वलनशील सामग्री, लाठी-डंडे, बैग और अन्य इलेक्ट्रॉनिक उपकरण लेकर जाने की अनुमति नहीं होगी।
प्रशासन ने श्रद्धालुओं और स्थानीय नागरिकों से अपील की है कि वे सुरक्षा व्यवस्था और ट्रैफिक नियमों का पालन करें, ताकि राष्ट्रपति का दौरा शांतिपूर्ण और सफलतापूर्वक संपन्न हो सके।

