भोपाल से 6 साल का मासूम लापता, पूरी रात तलाश में जुटी रही पुलिस, 10 हजार रुपये का इनाम घोषित

भोपाल। मध्य प्रदेश की राजधानी भोपाल में 6 साल के मासूम अंश मैना के अचानक लापता होने से हड़कंप मच गया है। कोहेफिजा क्षेत्र से गायब हुए बच्चे की तलाश में पुलिस ने पूरी रात सर्च ऑपरेशन चलाया, लेकिन देर रात तक उसका कोई सुराग नहीं मिल सका। परिवार की चिंता बढ़ती जा रही है और पूरा शहर मासूम की सकुशल वापसी की दुआ कर रहा है।

जानकारी के अनुसार अंश मैना मल्टी केयर अस्पताल, रॉयल मार्केट क्षेत्र से लापता हुआ था। घटना की सूचना मिलते ही पुलिस हरकत में आ गई और बच्चे की तलाश के लिए विशेष अभियान शुरू किया गया। कोहेफिजा थाना प्रभारी केजी शुक्ला ने खुद मोर्चा संभाला और अपनी टीम के साथ देर रात तक सड़कों पर उतरकर बच्चे की तलाश करते रहे।

पुलिस ने रेलवे स्टेशन, बस स्टैंड, बाजारों और भीड़भाड़ वाले इलाकों में व्यापक सर्च ऑपरेशन चलाया। साथ ही आसपास लगे सीसीटीवी कैमरों की फुटेज भी खंगाली गई। जांच के दौरान एक फुटेज में एक मानसिक रूप से अस्वस्थ व्यक्ति बच्चे के साथ जाता हुआ दिखाई दिया।

फुटेज सामने आने के बाद पुलिस ने तेजी से कार्रवाई करते हुए उस व्यक्ति को हिरासत में ले लिया। उससे पूछताछ की गई और उसके परिजनों से भी जानकारी जुटाई गई। पुलिस ने उसके संभावित ठिकानों पर छापेमारी भी की, लेकिन अब तक अंश का कोई पता नहीं चल सका है।

मासूम के लापता होने की खबर से परिजन बेहद परेशान हैं। परिवार का रो-रोकर बुरा हाल है और हर गुजरते घंटे के साथ उनकी चिंता बढ़ती जा रही है। पुलिस का कहना है कि बच्चे की तलाश लगातार जारी है और हर संभावित एंगल पर जांच की जा रही है।

मामले की गंभीरता को देखते हुए पुलिस ने अंश मैना के बारे में कोई भी पुख्ता जानकारी देने वाले व्यक्ति के लिए 10 हजार रुपये के इनाम की घोषणा की है। पुलिस ने आम लोगों से भी अपील की है कि यदि किसी को बच्चे के बारे में कोई जानकारी मिले तो तुरंत पुलिस को सूचित करें।

फिलहाल पूरा प्रशासन बच्चे की तलाश में जुटा हुआ है और सभी की निगाहें इस बात पर टिकी हैं कि आखिर मासूम अंश कब और कहां से सुरक्षित बरामद होता है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *