भोपाल। राजधानी भोपाल में 6 साल के मासूम अंश के लापता होने का मामला लगातार चिंता बढ़ा रहा है। तीन दिन बीत जाने के बाद भी बच्चे का कोई सुराग नहीं मिल पाया है। परिवार की बेचैनी हर गुजरते घंटे के साथ बढ़ती जा रही है, वहीं पुलिस प्रशासन भी बच्चे को सुरक्षित तलाशने के लिए पूरी ताकत लगा रहा है।
जानकारी के मुताबिक अंश अपने परिवार के साथ रॉयल मार्केट स्थित एक अस्पताल में इलाज के लिए आया था। इसी दौरान वह अपनी मां के साथ मौजूद था, लेकिन अचानक रहस्यमयी परिस्थितियों में लापता हो गया। घटना के बाद परिवार ने तत्काल पुलिस को सूचना दी, जिसके बाद पूरे मामले को गंभीरता से लेते हुए बड़े स्तर पर सर्च ऑपरेशन शुरू किया गया।
मासूम अंश की तलाश के लिए पुलिस की 10 विशेष टीमें लगातार अलग-अलग क्षेत्रों में जांच कर रही हैं। इस पूरे अभियान की निगरानी खुद पुलिस कमिश्नर संजय कुमार कर रहे हैं। मामले की गंभीरता को देखते हुए क्राइम ब्रांच को भी जांच में शामिल किया गया है।
पुलिस शहर के प्रमुख इलाकों, रेलवे स्टेशन, बस स्टैंड और भीड़भाड़ वाले स्थानों पर लगातार तलाशी अभियान चला रही है। इसके साथ ही रॉयल मार्केट और आसपास के क्षेत्रों में लगे सैकड़ों सीसीटीवी कैमरों की फुटेज खंगाली जा रही है, ताकि बच्चे की गतिविधियों से जुड़ा कोई महत्वपूर्ण सुराग मिल सके।
अंश की तलाश को और तेज करने के लिए पुलिस ने उसकी तस्वीरों वाले पोस्टर और बैनर शहर के कई प्रमुख स्थानों पर लगाए हैं। सोशल मीडिया के जरिए भी लोगों से सहयोग की अपील की जा रही है, ताकि बच्चे तक जल्द से जल्द पहुंचा जा सके।
पुलिस प्रशासन ने आम जनता से सहयोग मांगते हुए घोषणा की है कि अंश के बारे में कोई भी पुख्ता और सही जानकारी देने वाले व्यक्ति को 10 हजार रुपये का नकद इनाम दिया जाएगा। अधिकारियों ने लोगों से अपील की है कि यदि किसी को भी बच्चे के संबंध में कोई जानकारी मिले तो तुरंत पुलिस को सूचित करें।
फिलहाल पूरा परिवार अंश की सुरक्षित वापसी की उम्मीद लगाए बैठा है, जबकि पुलिस लगातार हर संभावित एंगल से जांच कर रही है। पूरे शहर की निगाहें अब इस बात पर टिकी हैं कि आखिर मासूम अंश कब और कैसे अपने परिवार तक वापस पहुंचता है।

