शहडोल। शहडोल जिले की स्वास्थ्य व्यवस्था के लिए बड़ी राहत भरी खबर सामने आई है। लंबे समय से डॉक्टरों की कमी से जूझ रहे जिले को अब 24 नए मेडिकल ऑफिसर मिल गए हैं। मध्यप्रदेश लोक सेवा आयोग यानी MPPSC से चयनित इन सभी डॉक्टरों की जिले के अलग-अलग अस्पतालों और स्वास्थ्य केंद्रों में पदस्थापना कर दी गई है और सभी ने अपना कार्यभार भी संभाल लिया है।
इन नए डॉक्टरों की तैनाती जिला अस्पताल शहडोल, सिविल अस्पताल ब्यौहारी, बुढार और जयसिंहनगर के साथ-साथ कई सामुदायिक और प्राथमिक स्वास्थ्य केंद्रों में की गई है। इनमें गोहपारू, सिंहपुर, पपौंध, सिरौजा, धनपुरी, जैतपुर, बाणसागर, करकटी, निपनिया और बेलदरा जैसे क्षेत्रों के स्वास्थ्य केंद्र भी शामिल हैं।
डॉक्टरों की कमी के कारण अब तक ग्रामीण इलाकों के मरीजों को इलाज के लिए जिला मुख्यालय का रुख करना पड़ता था, लेकिन अब हालात बदलने की उम्मीद है। नए डॉक्टरों की नियुक्ति से नियमित ओपीडी सेवाएं मजबूत होंगी, मरीजों को विशेषज्ञ परामर्श मिलेगा और मातृ-शिशु स्वास्थ्य, टीकाकरण तथा आपातकालीन चिकित्सा सेवाओं में भी सुधार देखने को मिलेगा।
स्वास्थ्य विभाग का मानना है कि इस कदम से सरकारी अस्पतालों में लोगों का भरोसा और बढ़ेगा तथा दूर-दराज के इलाकों में रहने वाले मरीजों को अपने ही नजदीकी स्वास्थ्य केंद्रों पर बेहतर इलाज मिल सकेगा।
मुख्य चिकित्सा एवं स्वास्थ्य अधिकारी डॉ. राजेश मिश्रा ने बताया कि MPPSC से चयनित सभी 24 चिकित्सा अधिकारियों ने अपनी-अपनी पदस्थापना स्थल पर जॉइन कर लिया है। उन्होंने कहा कि इन डॉक्टरों के आने से जिले में स्वास्थ्य सेवाएं और अधिक मजबूत होंगी तथा मरीजों को समय पर बेहतर इलाज उपलब्ध कराया जा सकेगा।

