भोपाल। मध्य प्रदेश पुलिस के चर्चित डीएसपी और सोशल मीडिया पर अपनी अलग पहचान रखने वाले संतोष पटेल का तबादला आखिरकार हो गया है। उन्हें नक्सल प्रभावित बालाघाट जिले से हटाकर अब राजधानी भोपाल में नई जिम्मेदारी दी गई है। इस ट्रांसफर की चर्चा इसलिए भी हो रही है क्योंकि इससे पहले उनकी पत्नी रोशनी पटेल की एक भावुक सोशल मीडिया पोस्ट काफी वायरल हुई थी।
रोशनी पटेल ने अपनी पोस्ट में सरकार से अपील करते हुए लिखा था कि बालाघाट जैसे नक्सल प्रभावित क्षेत्र में सामान्यतः एक वर्ष की तैनाती का नियम है, लेकिन उनके पति को वहां एक साल पांच महीने से अधिक समय हो चुका है। उन्होंने लिखा कि बच्चों के स्कूल में दाखिले का समय आ गया है, घर पर मां बीमार रहती हैं और परिवार को उनकी जरूरत है। उन्होंने यह भी कहा कि उनके जैसी कई पुलिस अधिकारियों की पत्नियां अपने परिवार के साथ रहने का इंतजार कर रही हैं और सरकार से जल्द तबादला करने की मांग की थी।
यह पोस्ट सोशल मीडिया पर तेजी से वायरल हुई और इसके बाद डीएसपी संतोष पटेल के ट्रांसफर के आदेश जारी कर दिए गए। अब उन्हें बालाघाट से भोपाल स्थानांतरित कर दिया गया है।
तबादले के बाद संतोष पटेल ने भी सोशल मीडिया के माध्यम से अपनी प्रतिक्रिया साझा की। उन्होंने लिखा कि बालाघाट एक बेहद खूबसूरत और शानदार जिला है, जहां काम करने का अनुभव यादगार रहा। उन्होंने कहा कि अब राजधानी भोपाल में सेवा देने का एक नया अवसर मिलेगा और वे नई जिम्मेदारियों के लिए पूरी तरह तैयार हैं।
इस ट्रांसफर के बाद पुलिस विभाग में उन अधिकारियों की तैनाती को लेकर भी चर्चा तेज हो गई है, जो लंबे समय से कठिन और संवेदनशील क्षेत्रों में सेवाएं दे रहे हैं। वहीं डीएसपी संतोष पटेल के परिवार ने राहत जताई है, जबकि उनके समर्थक और शुभचिंतक उन्हें भोपाल में नई पारी के लिए शुभकामनाएं दे रहे हैं।

