सीएम डॉ. मोहन यादव का प्रदेश के नाम संदेश, कहा- आपसी सहयोग से निरंतर होगा प्रदेश का विकास

भोपाल। स्वतंत्रता दिवस की पूर्व संध्या पर मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव ने प्रदेशवासियों के नाम अपना संदेश जारी किया। मुख्यमंत्री ने अपने संदेश में प्रदेश के विकास, जनसहयोग, अर्थव्यवस्था, निवेश और किसानों सहित कई महत्वपूर्ण मुद्दों का जिक्र किया। उन्होंने अच्छी बारिश को लेकर भी खुशी जताई और कहा कि आपसी सहयोग से मध्यप्रदेश के विकास का कारवां लगातार आगे बढ़ता रहेगा।

मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव ने प्रदेशवासियों को स्वतंत्रता की 80वीं वर्षगांठ की बधाई और शुभकामनाएं देते हुए कहा कि देश को आजादी दिलाने के लिए अपने जीवन का बलिदान देने वाले अमर शहीदों और राष्ट्रप्रेमियों को वह नमन करते हैं। उन्होंने कहा कि स्वतंत्रता दिवस हम सभी के लिए एक विशेष पर्व है, जो हमें आत्मचिंतन करने, भविष्य की रूपरेखा तैयार करने और प्रदेश के विकास में अपने योगदान को तय करने का अवसर देता है।

मुख्यमंत्री ने कहा कि यह सुखद संयोग है कि इस महीने स्वतंत्रता दिवस के साथ रक्षाबंधन का पावन पर्व भी मनाया जा रहा है। इसके कुछ ही दिनों बाद भगवान श्रीकृष्ण की जन्माष्टमी और फिर श्री गणेश उत्सव की परंपरा प्रदेशवासियों के उत्साह को और बढ़ाएगी।

उन्होंने कहा कि परमात्मा की कृपा से प्रदेश में अब बारिश भी अच्छी हो रही है। इससे किसानों के साथ-साथ आम नागरिकों को भी राहत मिली है। मुख्यमंत्री ने कहा कि प्रदेश में सरकार और समाज ने मिलकर पर्व और त्योहार मनाने की परंपरा को आगे बढ़ाया है।

मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव ने कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के नेतृत्व में मध्यप्रदेश को विकास की कई सौगातें मिली हैं। धार में टेक्सटाइल क्षेत्र के लिए पीएम मित्र पार्क तैयार किया जा रहा है, जबकि ग्वालियर में टेलीकॉम मैन्युफैक्चरिंग जोन स्थापित किया जा रहा है।

उन्होंने कहा कि मध्यप्रदेश में नवकरणीय ऊर्जा के क्षेत्र में भी तेजी से काम किया जा रहा है और प्रदेश के अलग-अलग क्षेत्रों में नए निवेश आ रहे हैं। इन औद्योगिक गतिविधियों से प्रदेश की अर्थव्यवस्था को मजबूती मिलेगी और रोजगार के नए अवसर भी पैदा होंगे।

मुख्यमंत्री ने कहा कि उन्हें पूरा विश्वास है कि प्रदेशवासियों के सहयोग से मध्यप्रदेश के विकास का कारवां इसी तरह लगातार आगे बढ़ता रहेगा। उन्होंने एक बार फिर प्रदेशवासियों को स्वतंत्रता दिवस की शुभकामनाएं दीं और अपने संदेश का समापन भारत माता की जय के साथ किया।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *