पहचान छिपाकर युवती से दुष्कर्म का आरोप! ‘राजकुमार’ बनकर फंसाया, आरोपी डेंटिस्ट गिरफ्तार, कोर्ट ने भेजा जेल

जबलपुर। मध्य प्रदेश के जबलपुर से पहचान छिपाकर युवती को प्रेमजाल में फंसाने और दुष्कर्म का मामला सामने आया है। पुलिस के अनुसार एक डेंटिस्ट ने खुद को हिंदू बताते हुए अपना नाम ‘राजकुमार’ बताया और अपने क्लीनिक में काम करने वाली असिस्टेंट युवती से शादी का झांसा देकर कथित तौर पर दुष्कर्म किया। शिकायत के बाद पुलिस ने आरोपी के खिलाफ दुष्कर्म और एससी-एसटी एक्ट समेत विभिन्न धाराओं में मामला दर्ज कर उसे गिरफ्तार कर जेल भेज दिया है।

पुलिस के मुताबिक आरोपी का असली नाम सैयद इशाक असरार है। आरोप है कि उसने अपनी पहचान छिपाकर युवती से नजदीकियां बढ़ाईं और शादी का वादा किया। शिकायत के अनुसार विजयनगर थाना क्षेत्र स्थित एक मकान में युवती के साथ दुष्कर्म की घटना हुई। बाद में जब युवती को आरोपी की वास्तविक पहचान का पता चला, तो उसने पुलिस में शिकायत दर्ज कराई।

जांच के दौरान पुलिस को कई चौंकाने वाली जानकारियां मिली हैं। अधिकारियों के अनुसार आरोपी ने कथित तौर पर कई बार अपने आधार कार्ड में नाम और पता बदलवाया था। तलाशी के दौरान उसके पास से अलग-अलग नामों वाले पहचान पत्र भी बरामद किए गए हैं, जिनकी जांच की जा रही है।

पुलिस की शुरुआती जांच में यह भी सामने आया है कि आरोपी पहले भी तीन शादियां कर चुका है। एक पत्नी के हैदराबाद में रहने की जानकारी मिली है। पुलिस अब आरोपी के पुराने रिकॉर्ड, उसके मूल निवास और अन्य राज्यों में उसकी गतिविधियों की भी जांच कर रही है।

मामला सामने आने के बाद कुछ संगठनों के कार्यकर्ता पीड़ित युवती के साथ थाने पहुंचे और आरोपी के खिलाफ सख्त कार्रवाई की मांग की। घटना का स्थान विजयनगर थाना क्षेत्र होने के कारण संबंधित दस्तावेज वहां भेजे गए, जिसके बाद पुलिस ने विधिक कार्रवाई आगे बढ़ाई।

फिलहाल पुलिस आरोपी के खिलाफ दर्ज मामले की विस्तृत जांच कर रही है। अदालत के आदेश पर आरोपी को न्यायिक अभिरक्षा में जेल भेज दिया गया है और उसके पुराने रिकॉर्ड सहित सभी पहलुओं की पड़ताल जारी है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *