भोपाल। राजधानी भोपाल से एक चर्चित मामला सामने आया है। आईपीएल क्रिकेटर शशांक सिंह, उनके रिटायर्ड आईपीएस पिता शैलेश सिंह और एक अन्य व्यक्ति के खिलाफ मारपीट, गाली-गलौज और धमकी देने के आरोप में एफआईआर दर्ज की गई है। शिकायत खाना बनाने वाले कर्मचारी विपेंद्र सिंह ने रातीबड़ थाने में दर्ज कराई है।
शिकायत के अनुसार, विपेंद्र सिंह को एक परिचित के माध्यम से 15 हजार रुपये मासिक वेतन, रहने-खाने की सुविधा और भविष्य में सरकारी नौकरी दिलाने के आश्वासन पर काम के लिए बुलाया गया था। उनका आरोप है कि काम शुरू करने के कुछ ही घंटों बाद खाने की गुणवत्ता को लेकर उनसे अभद्र व्यवहार किया गया, गाली-गलौज की गई और उनके साथ मारपीट की गई।
पीड़ित की शिकायत के आधार पर रातीबड़ पुलिस ने मामला दर्ज कर लिया है। पुलिस का कहना है कि सभी पक्षों के बयान लिए जा रहे हैं और जांच के बाद आगे की कानूनी कार्रवाई की जाएगी।
वहीं, इस पूरे मामले पर क्रिकेटर शशांक सिंह ने सभी आरोपों को सिरे से खारिज कर दिया है। उनका कहना है कि कुक को खाना बनाना ठीक से नहीं आता था, इसलिए उसे काम छोड़ने के लिए कहा गया था। शशांक का दावा है कि जाने से पहले वह घर के वीडियो बना रहा था। जब उसे ऐसा करने से रोका गया तो उसने कथित तौर पर 20 हजार रुपये की मांग की।
शशांक सिंह ने यह भी कहा कि जब वह घर से बाहर गया, उस समय उसके शरीर पर किसी तरह की चोट दिखाई नहीं दे रही थी। उन्होंने दावा किया कि उनके पास इससे जुड़ा वीडियो और कुछ चैट रिकॉर्ड भी हैं, जिन्हें उन्होंने मीडिया के साथ साझा किया है। उनका कहना है कि उनकी छवि खराब करने की कोशिश की जा रही है और पूरे मामले की सच्चाई पुलिस जांच में सामने आएगी।
फिलहाल पुलिस दोनों पक्षों के दावों और उपलब्ध साक्ष्यों की जांच कर रही है। जांच पूरी होने के बाद ही यह स्पष्ट हो सकेगा कि मामला मारपीट का है या फिर किसी साजिश का हिस्सा।

