मध्य प्रदेश की दतिया विधानसभा सीट पर होने वाले उपचुनाव की तारीखों का ऐलान हो गया है। चुनाव आयोग के कार्यक्रम के अनुसार 6 जुलाई से नामांकन प्रक्रिया शुरू होगी, जो 13 जुलाई तक चलेगी। इसके बाद 30 जुलाई को मतदान कराया जाएगा, जबकि 3 अगस्त को मतगणना के साथ चुनाव परिणाम घोषित किए जाएंगे।
गौरतलब है कि कांग्रेस विधायक राजेंद्र भारती की सदस्यता समाप्त होने के बाद दतिया विधानसभा सीट खाली हुई थी, जिसके चलते अब यहां उपचुनाव कराया जा रहा है। चुनावी कार्यक्रम घोषित होते ही प्रदेश की राजनीति भी तेज हो गई है और सभी दल अपनी-अपनी रणनीति को अंतिम रूप देने में जुट गए हैं।
तारीखों के ऐलान के साथ ही आज़ाद समाज पार्टी के घोषित प्रत्याशी दामोदर यादव मंडल का भी बड़ा बयान सामने आया है। उन्होंने दावा किया कि दतिया की जनता भय और भ्रष्टाचार से मुक्ति चाहती है और इस बार आज़ाद समाज पार्टी को मौका देने का मन बना चुकी है।
दामोदर यादव ने कहा कि भाजपा और कांग्रेस भले ही अब चुनावी तैयारियों में जुटी हों, लेकिन उनकी पार्टी ने पहले ही गांव-गांव चौपाल यात्राओं के जरिए अपनी तैयारी पूरी कर ली है। उन्होंने दावा किया कि दतिया शहर से लेकर ग्रामीण क्षेत्रों तक बूथ स्तर की समितियां गठित कर दी गई हैं और संगठन पूरी तरह चुनाव के लिए तैयार है।
उन्होंने जिला प्रशासन से निष्पक्ष चुनाव कराने की अपेक्षा जताई और मीडिया से भी लोकतंत्र के चौथे स्तंभ की जिम्मेदारी निभाने की अपील की।
दामोदर यादव ने यह भी बताया कि उनके नामांकन के दौरान आज़ाद समाज पार्टी के राष्ट्रीय अध्यक्ष चंद्रशेखर आज़ाद दतिया पहुंचेंगे। उनके कार्यक्रम की तारीख जल्द घोषित की जाएगी।
पार्टी का कहना है कि पूरे मध्य प्रदेश से करीब एक हजार कार्यकर्ताओं की ड्यूटी दतिया उपचुनाव में लगाई गई है। चुनाव संचालन के लिए अलग-अलग सेक्टरों की जिम्मेदारी प्रदेश पदाधिकारियों को सौंपी गई है।
उधर, चुनावी तारीखों के ऐलान के बाद भाजपा और कांग्रेस ने भी अपनी तैयारियां तेज कर दी हैं। राजनीतिक गलियारों में चर्चा है कि आज़ाद समाज पार्टी की ओर से दामोदर यादव मैदान में होंगे, जबकि भाजपा की तरफ से पूर्व गृहमंत्री नरोत्तम मिश्रा के उम्मीदवार बनाए जाने की अटकलें भी तेज हो गई हैं। अब सभी की नजर इस हाई-प्रोफाइल उपचुनाव पर टिकी हुई है।

