सड़क पर तलवार से काटा बर्थडे केक! भाजपा पार्षद प्रतिनिधि का VIDEO वायरल, कानून व्यवस्था पर उठे सवाल

सागर। मध्य प्रदेश के सागर से एक वीडियो सोशल मीडिया पर तेजी से वायरल हो रहा है, जिसने राजनीतिक और प्रशासनिक हलकों में हलचल मचा दी है। वायरल वीडियो में भाजपा की महिला पार्षद के पति और पार्षद प्रतिनिधि रशीद उर्फ बबलू कमानी बीच सड़क पर हाथ में नंगी तलवार लहराते हुए नजर आ रहे हैं। इतना ही नहीं, उन्होंने उसी तलवार से अपना जन्मदिन का केक भी काटा। अब इस पूरे मामले को लेकर कानून व्यवस्था और राजनीतिक अनुशासन पर सवाल उठने लगे हैं।

यह मामला सागर के शुक्रवारी वार्ड का बताया जा रहा है, जहां से किश्वर बबलू कमानी भाजपा की पार्षद हैं। उनके पति रशीद उर्फ बबलू कमानी ने समर्थकों के साथ सड़क पर जन्मदिन का जश्न मनाया। आरोप है कि इस दौरान उन्होंने खुलेआम तलवार लहराई और उसी धारदार हथियार से केक काटकर शक्ति प्रदर्शन किया।

इस वीडियो ने शहर की सियासत को भी गरमा दिया है। वायरल वीडियो में कांग्रेस पार्षद वसीम खान की मौजूदगी भी दिखाई देने का दावा किया जा रहा है। भाजपा नेता के इस कार्यक्रम में विपक्षी दल के पार्षद की मौजूदगी को लेकर अब तरह-तरह की राजनीतिक चर्चाएं शुरू हो गई हैं।

घटना के सामने आने के बाद स्थानीय लोगों ने सार्वजनिक स्थान पर हथियार के प्रदर्शन को लेकर नाराजगी जताई है। अब सभी की नजर इस बात पर है कि सागर पुलिस इस मामले में क्या कार्रवाई करती है और क्या आर्म्स एक्ट के तहत कोई कानूनी कदम उठाया जाएगा।

वहीं दूसरी ओर, भारतीय जनता पार्टी के रुख पर भी निगाहें टिकी हैं। सवाल यह है कि अनुशासन की बात करने वाली पार्टी अपने पार्षद प्रतिनिधि के इस वायरल वीडियो पर कोई संगठनात्मक कार्रवाई करती है या नहीं। फिलहाल यह मामला सोशल मीडिया से लेकर राजनीतिक गलियारों तक चर्चा का विषय बना हुआ है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *