पुलिस का ‘मिशन कान्हा’! सब्जी मंडी से गायब हुए लड्डू गोपाल की तलाश में IG ने बनाई SIT

ग्वालियर। मध्य प्रदेश के ग्वालियर से आस्था से जुड़ा एक बेहद अनोखा मामला सामने आया है। यहां पुलिस किसी अपराधी या गैंगस्टर की नहीं, बल्कि एक श्रद्धालु के गुम हुए लड्डू गोपाल की तलाश में जुट गई है। श्रद्धालु की भावनाओं को देखते हुए ग्वालियर रेंज के आईजी अरविंद सक्सेना ने बाकायदा एक विशेष जांच दल यानी एसआईटी का गठन कर दिया है। इस अनोखे अभियान को नाम दिया गया है—’मिशन कान्हा’।

दरअसल, ग्वालियर के सिटी सेंटर स्थित अलकापुरी की रहने वाली विजया शर्मा भगवान श्रीकृष्ण की अनन्य भक्त हैं। वह जहां भी जाती थीं, अपने आराध्य लड्डू गोपाल को हमेशा साथ लेकर जाती थीं। लेकिन 29 जनवरी 2026 को महाराज बाड़ा की सब्जी मंडी में खरीदारी के दौरान भीड़भाड़ के बीच उनके लड्डू गोपाल कहीं गुम हो गए। काफी तलाश के बावजूद जब उनका कोई पता नहीं चला, तो उन्होंने कोतवाली थाने में शिकायत दर्ज कराई।

शिकायत के बाद भी विजया शर्मा ने हार नहीं मानी। पिछले पांच महीनों से वह लगातार मंदिरों, बाजारों और गलियों में अपने आराध्य की तलाश करती रहीं। उन्होंने कई बार पुलिस अधिकारियों से भी मदद की गुहार लगाई।

आखिरकार उनकी आस्था और भावनाओं को देखते हुए ग्वालियर रेंज के आईजी अरविंद सक्सेना ने इस मामले को गंभीरता से लिया और विशेष जांच दल गठित करने के निर्देश दिए। अब कोतवाली, जनकगंज और माधवगंज थाना क्षेत्र के छह पुलिसकर्मी ‘मिशन कान्हा’ के तहत गुम हुए लड्डू गोपाल की तलाश में जुट गए हैं।

आईजी अरविंद सक्सेना का कहना है कि यह मामला केवल एक प्रतिमा के खोने का नहीं, बल्कि एक श्रद्धालु की गहरी आस्था और भावनाओं से जुड़ा हुआ है। इसी कारण पुलिस इसे पूरी संवेदनशीलता के साथ देख रही है और हर संभव प्रयास कर रही है कि विजया शर्मा को उनके आराध्य दोबारा मिल सकें।

फिलहाल पूरे ग्वालियर में पुलिस की इस अनोखी पहल की चर्चा हो रही है। अब सबकी नजरें ‘मिशन कान्हा’ पर टिकी हैं कि आखिर यह अभियान कब सफल होता है और क्या पांच महीने से अपने आराध्य की तलाश कर रहीं विजया शर्मा को उनके लड्डू गोपाल वापस मिल पाते हैं।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *