बागेश्वर धाम पहुंचे अनंत अंबानी! पंडित धीरेंद्र शास्त्री ने कराया दिव्य यज्ञ-हवन, 11 कन्याओं का पूजन कर लिया आशीर्वाद

छतरपुर। देश के प्रमुख उद्योगपति अनंत अंबानी मध्य प्रदेश के प्रसिद्ध बागेश्वर धाम पहुंचे, जहां पंडित धीरेंद्र कृष्ण शास्त्री ने उनका आत्मीय स्वागत किया। धीरेंद्र शास्त्री ने अनंत अंबानी को मुद्गर, बालाजी रुद्राक्ष की माला और अंगवस्त्र भेंट कर सम्मानित किया।

इसके बाद अनंत अंबानी ने बागेश्वर बालाजी भगवान, सन्यासी बाबा और प्रेतराज सरकार के पावन दर्शन किए। इस दौरान पंडित धीरेंद्र शास्त्री ने उन्हें धाम की धार्मिक परंपराओं और आध्यात्मिक महिमा से भी अवगत कराया।

दर्शन के बाद अनंत अंबानी ने बागेश्वर बालाजी भगवान की आरती की और देश, धर्म तथा जनकल्याण की मंगलकामना करते हुए आशीर्वाद प्राप्त किया।

इसके बाद दोनों यज्ञशाला पहुंचे, जहां वैदिक मंत्रोच्चार के बीच दिव्य यज्ञ और हवन संपन्न हुआ। अनंत अंबानी ने श्रद्धापूर्वक हवन में आहुतियां अर्पित कीं और धार्मिक अनुष्ठानों में भाग लिया।

यज्ञ के उपरांत अनंत अंबानी ने 11 कन्याओं का विधिवत पूजन किया, उन्हें दक्षिणा भेंट की और उनका आशीर्वाद लिया। साथ ही काशी से आए विद्वान ब्राह्मणों का सम्मान कर उनसे भी आशीर्वाद प्राप्त किया।

इससे पहले अनंत अंबानी शाम के समय खजुराहो एयरपोर्ट पहुंचे थे, जहां उनका स्वागत सांसद विष्णुदत्त शर्मा ने किया। एयरपोर्ट से वे सीधे बागेश्वर धाम के लिए रवाना हुए।

इस दौरान सांसद विष्णुदत्त शर्मा ने बताया कि अनंत अंबानी ने खजुराहो में उद्योग और निवेश की संभावनाओं पर भी चर्चा की है। उन्होंने संकेत दिए कि आने वाले समय में खजुराहो में औद्योगिक विकास को लेकर नई शुरुआत देखने को मिल सकती है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *