भोपाल में लोकायुक्त का बड़ा ट्रैप! 4 लाख की रिश्वत मांगने का आरोप, 1 लाख लेते रिटायर्ड नापतौल निरीक्षक गिरफ्तार

 भोपाल। राजधानी भोपाल में लोकायुक्त पुलिस ने कथित रिश्वतखोरी के एक बड़े मामले में कार्रवाई करते हुए सेवानिवृत्त नापतौल निरीक्षक हरिप्रसाद पटेल को एक लाख रुपये की रिश्वत लेते हुए रंगे हाथ गिरफ्तार किया है। इस मामले में नापतौल विभाग के प्रभारी उप नियंत्रक नसीमुद्दीन पर चार लाख रुपये की रिश्वत मांगने का आरोप लगा है।

जानकारी के मुताबिक, शिकायतकर्ता अमित सिंह बघेल बीपी भोपाल सिटी पेट्रोल पंप के संचालक हैं। उनका आरोप है कि पेट्रोल पंप की मशीनों की जांच के दौरान विभाग ने तीन नोजल बंद कर उनके खिलाफ मामला दर्ज किया था। इसके बाद प्रकरण के निपटारे और मशीनों की स्टैम्पिंग के नाम पर चार लाख रुपये की रिश्वत की मांग की गई।

शिकायत मिलने के बाद लोकायुक्त पुलिस ने पहले पूरे मामले का सत्यापन किया और आरोप सही पाए जाने पर ट्रैप की योजना बनाई। गुरुवार को बोर्ड ऑफिस चौराहे स्थित इंडियन कॉफी हाउस के पास कार्रवाई करते हुए सेवानिवृत्त नापतौल निरीक्षक हरिप्रसाद पटेल को एक लाख रुपये की रिश्वत लेते हुए मौके पर ही गिरफ्तार कर लिया गया।

लोकायुक्त अधिकारियों के अनुसार, प्रारंभिक जांच में सामने आया है कि हरिप्रसाद पटेल कथित तौर पर प्रभारी उप नियंत्रक नसीमुद्दीन के कहने पर रिश्वत की रकम लेने पहुंचा था।

जांच एजेंसी को यह भी आशंका है कि यह कोई अकेली घटना नहीं, बल्कि संगठित तरीके से चल रहा रिश्वतखोरी का नेटवर्क हो सकता है। फिलहाल लोकायुक्त पूरे मामले की गहराई से जांच कर रही है और यह पता लगाया जा रहा है कि इस कथित नेटवर्क में और कौन-कौन लोग शामिल हैं।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *