फिर सुर्खियों में तान्या मित्तल-फैजान विवाद! इन्फ्लुएंसर ने पुलिस से लगाई सुरक्षा की गुहार, कहा- मेरी जान को खतरा

ग्वालियर। ग्वालियर की रहने वाली बिग बॉस फेम तान्या मित्तल और मुंबई के सोशल मीडिया इन्फ्लुएंसर फैजान अंसारी के बीच करीब छह महीने पुराना विवाद एक बार फिर चर्चा में आ गया है। इस बार फैजान अंसारी खुद ग्वालियर पहुंचे और पुलिस अधिकारियों को लिखित शिकायत सौंपते हुए अपनी जान को खतरा बताया है।

फैजान अंसारी पहले यूनिवर्सिटी थाने पहुंचे, जहां उन्होंने अपने बयान दर्ज कराए। इसके बाद वे सीधे एसएसपी कार्यालय पहुंचे और पुलिस को लिखित शिकायत देते हुए आरोप लगाया कि उन पर पुरानी शिकायत वापस लेने का लगातार दबाव बनाया जा रहा है। उन्होंने कहा कि यदि उनके साथ कोई अप्रिय घटना होती है तो इसकी जिम्मेदारी तान्या मित्तल पर होगी। साथ ही उन्होंने पुलिस से सुरक्षा की भी मांग की है।

फैजान अंसारी के मुताबिक, यह विवाद करीब छह महीने पहले शुरू हुआ था। उनका दावा है कि तान्या मित्तल ने मुंबई एयरपोर्ट से बलराज साहनी की गिरफ्तारी करवाई थी। इसके बाद बलराज की परिचित सिम्मी राजपूत ने उनसे मदद मांगी, जिसके बाद उन्होंने तान्या मित्तल के खिलाफ शिकायत दर्ज कराई थी।

फैजान का आरोप है कि अब उसी शिकायत को वापस लेने के लिए उन पर लगातार दबाव बनाया जा रहा है। उनका कहना है कि अलग-अलग लोगों के माध्यम से उन्हें धमकियां मिल रही हैं और धमकी देने वाले खुद को प्रभावशाली लोगों से जुड़ा बताते हैं, जिससे उन्हें अपनी सुरक्षा को लेकर गंभीर चिंता है।

फिलहाल पुलिस ने फैजान अंसारी की शिकायत दर्ज कर मामले की जांच शुरू कर दी है। अब सभी की नजर इस बात पर है कि जांच में क्या तथ्य सामने आते हैं और पुलिस इस मामले में आगे क्या कार्रवाई करती है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *