ग्वालियर। मध्य प्रदेश के ग्वालियर स्थित प्रसिद्ध अचलेश्वर महादेव मंदिर में जब इस महीने दान पेटियां खोली गईं, तो वहां सिर्फ नकदी और चढ़ावा ही नहीं मिला, बल्कि श्रद्धालुओं की कुछ ऐसी अनोखी अर्जियां भी सामने आईं, जिन्होंने सभी का ध्यान अपनी ओर खींच लिया। इन पर्चियों में लोगों ने भगवान के सामने अपनी मन्नतें, संकल्प और निजी वादे लिखे थे, जो अब चर्चा का विषय बने हुए हैं।
सबसे ज्यादा चर्चा एक ऐसी अर्जी की हो रही है, जिसमें एक श्रद्धालु ने लिखा कि जब तक उसकी मासिक आय एक लाख रुपये नहीं हो जाती, तब तक वह सड़क पर कितने भी सुंदर लड़के दिखाई दें, उनकी ओर नहीं देखेगा। इस अनोखे संकल्प ने हर किसी को चौंका दिया।
एक दूसरी पर्ची में एक श्रद्धालु ने अपनी आदत बदलने का प्रण लेते हुए लिखा कि वह भूमिया बाबा की कसम खाकर आज के बाद खुद से बातें नहीं करेगा और न ही दिन में बेवजह सपने देखेगा। अगर ऐसा करने की कोशिश करेगा तो तुरंत खुद को रोक लेगा।
इन अनोखी अर्जियों के बीच कई भावुक और गंभीर मन्नतें भी सामने आईं। एक श्रद्धालु ने री-नीट परीक्षा में सफलता के लिए भगवान अचलेश्वर से प्रार्थना की, जबकि कई लोगों ने अपने परिवार की खुशहाली, अच्छी नौकरी, बेहतर स्वास्थ्य और जीवन में सफलता की कामना करते हुए पर्चियां दान पेटी में डालीं।
मंदिर प्रबंधन का कहना है कि हर महीने दान पेटी खोलने पर इस तरह की भावनात्मक और अनोखी अर्जियां देखने को मिलती हैं, जो श्रद्धालुओं की आस्था और विश्वास को दर्शाती हैं।
दान पेटी से इस बार बड़ी मात्रा में नकद राशि और आभूषण भी प्राप्त हुए हैं। पारदर्शिता के साथ गिनती पूरी करने के लिए करीब 20 सेवानिवृत्त बैंक कर्मचारियों और डाक विभाग के अधिकारियों की टीम लगाई गई थी। गिनती के बाद दान पेटी से कुल 5 लाख 52 हजार रुपये नकद मिले। इसके अलावा श्रद्धालुओं द्वारा चढ़ाए गए सोने और चांदी के आभूषण भी बड़ी संख्या में प्राप्त हुए हैं।

